शनिवार, 04 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का कहर, हरदा-खंडवा में मार्ग बंद, 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

04 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का कहर, हरदा-खंडवा में मार्ग बंद, 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर कई जिलों में साफ दिखाई दे रहा है। तेज बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे कई मार्ग बंद हो गए हैं और अनेक गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।


बारिश का सबसे ज्यादा असर हरदा, खंडवा और सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में देखने को मिला है। कई स्थानों पर पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण यातायात रोकना पड़ा, जबकि निचले इलाकों में घरों और खेतों में पानी भर गया है।


हरदा में स्टेट हाईवे बंद, कई गांवों का संपर्क प्रभावित

हरदा जिले में तेज बारिश के बाद ग्राम मांदला के पास कालीमाचक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी का पानी पुल से करीब 3 फीट ऊपर बहने लगा, जिसके चलते नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई। लगातार बारिश के कारण आसपास के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भी प्रभावित हुआ है।


खंडवा में उफनाया नाला, दोनों ओर लगी वाहनों की कतार

खंडवा जिले में कई घंटों से लगातार बारिश जारी है। जिले के किल्लौद ब्लॉक के ग्राम गरबड़ी स्थित नाले में बाढ़ आने से खिरकिया मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। उफनते पानी के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच यहां करीब 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है।


प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जब तक पानी का बहाव कम नहीं हो जाता, तब तक नालों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।


बारिश के चलते जिले के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।


आष्टा में तीन नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई गांव जलभराव की चपेट में

सीहोर जिले के आष्टा ब्लॉक में शुक्रवार रात से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे पार्वती, पपनास और नेवज नदी का जलस्तर बढ़ गया है। बारिश का असर खाचरोद, मेहतवाड़ा, मैना, कोठरी, भंवरा, बागैर, सिंगारचोरी, हराजखेड़ी, ढकनी और मुगली सहित कई गांवों में देखने को मिला, जहां घरों में पानी घुस गया। खेत भी पूरी तरह पानी से भर गए हैं।


किसानों की सोयाबीन फसल को नुकसान

ग्राम पंचायत बड़घाटी-रामापुरा क्षेत्र में बाढ़ का पानी खेतों तक पहुंच गया, जिससे किसानों की सोयाबीन फसल प्रभावित हुई है। उधर, अमलाहा-गोलूखेड़ी मार्ग पर अजनाल नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिसके कारण इस मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हो गया।


19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना

मौसम की स्थिति को देखते हुए शनिवार को इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के 19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें