
भोपाल। दिल्ली के लाल किला मैदान के बाहर हुए कार धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है, और अब मध्यप्रदेश पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है। राजधानी भोपाल से लेकर उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर तक अलर्ट जारी कर दिया गया है। डीजीपी कैलाश मकवाना ने देर रात सभी आईजी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए, “सतर्कता बरतें, संदिग्धों पर कड़ी नजर रखें और हर जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाएं।”
उज्जैन में महाकाल मंदिर की सुरक्षा कड़ी, हर कोने की जांच
दिल्ली धमाके के बाद उज्जैन का महाकाल क्षेत्र सुरक्षा घेरे में आ गया है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मंदिर परिसर, पास के होटल और लॉज की तलाशी ली। वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंदिर क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर में राजवाड़ा और 56 दुकान पर सर्च ऑपरेशन
इंदौर पुलिस ने भी हाई अलर्ट जारी करते हुए राजवाड़ा और सुभाष मार्केट क्षेत्र में बम डिस्पोज़ल स्क्वॉड को तैनात किया। 56 दुकान जैसे व्यस्त इलाकों में पार्किंग क्षेत्र और संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एहतियाती कदम है, लेकिन किसी भी आपात स्थिति के लिए टीमें तैयार हैं।
भोपाल समेत सभी रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी की सघन जांच
राजधानी भोपाल, इंदौर और इटारसी के रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी पुलिस ने सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। डॉग स्क्वॉड की मदद से यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है। भोपाल स्टेशन पर रातभर पुलिस की टीम गश्त करती रही, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।
डीजीपी मकवाना का निर्देश: “हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई करें”
डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों से कहा है कि, “किसी भी अफवाह या संदिग्ध सूचना को हल्के में न लें। जनता के बीच भरोसा बनाए रखें और बिना वजह अफरा-तफरी न होने दें।” उन्होंने बताया कि सभी जिलों में पुलिस बल को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली धमाके का असर पूरे देश में
बता दें कि दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम कार में जोरदार धमाका हुआ था। धमाके में 8 लोगों की मौत और 24 लोग घायल हुए हैं। विस्फोट के बाद एनआईए और एनएसजी की टीमें जांच में जुटी हैं, जबकि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
News World Web को सूत्रों से जानकारी मिली है कि प्रदेश की सभी संवेदनशील जगहों — मंदिरों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और मॉल्स पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि “सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है, नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

