गुरुवार, 23 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का शानदार प्रदर्शन, 6 पदक जीते, विजेताओं को डीजीपी ने किया सम्मानित

06 मार्च, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का शानदार प्रदर्शन, 6 पदक जीते, विजेताओं को डीजीपी ने किया सम्मानित
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के घुड़सवारी दल ने 44वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता और माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट में शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 6 पदक अपने नाम किए हैं। इसमें 2 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल है। डीजीपी कैलाश मकवाणा ने विजेता खिलाड़ियों को पुलिस मुख्‍यालय भोपाल में मेडल पहना कर एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


 प्रतियोगिता 15 से 27 फरवरी 2026 तक सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर की पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की 21 टीमों, 345 अश्वों और लगभग 700 राइडर्स ने भाग लिया।‘ सईस टेस्ट’ में उत्कृष्ट अश्व प्रबंधन का प्रदर्शन करते हुए श्री घनश्याम प्रजापति ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। टीम के प्रमुख राइडर आरक्षक श्री फराज खान ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय देते हुए क्रॉस कंट्री स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 


इसके अतिरिक्त उन्होंने पुलिस हॉर्स टेस्ट और क्रॉस कंट्री में दो रजत पदक व मेंटल हेजार्ड और शो जंपिंगग्रेड-03 स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक हासिल किए। शो जंपिंग प्री प्रिलिमिनरी स्पर्धा में भी उन्होंने चौथा स्थान प्राप्त कर मध्‍यप्रदेश पुलिस का मान बढ़ाया।


डीजीपी ने सभी प्रतिभागियों को उचित इनाम देने की घोषणा की

डीजीपी ने टीम के जांबाज घुड़सवारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल टीम की कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है, बल्कि मध्यप्रदेश पुलिस की पेशेवर दक्षता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण भी है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सभी प्रतिभागियों को उचित इनाम देने की घोषणा की और भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण पर बल दिया।


उच्च नस्ल के स्पोर्ट्स ब्रीड घोड़ों की संख्या बढ़ाने पर हुई चर्चा 

पुलिस मुख्‍यालय में आयोजित सम्‍मान समारोह में राज्य की माउंटेड पुलिस इकाई को और अधिक पेशेवर बनाने, आधुनिक प्रशिक्षण व कोचिंग मॉडल अपनाने के साथ उच्च नस्ल के स्पोर्ट्स ब्रीड घोड़ों की संख्या में वृद्धि करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिससे आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश पुलिस और अधिक पदक जीत सके।


सम्मान कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ चंचल शेखर, पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ इंदौर रेंज चंद्रशेखर सोलंकी, पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ इरशाद वली, डीआईजी आरएपीटीसी धर्मेन्‍द्र सिंह भदौरिया, कमांडेंट 15वीं वाहिनी हितिका वासल, पर्यवेक्षक अधिकारी उप सेनानी प्राची द्विवेदी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।




पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें