शनिवार, 22 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, सिवनी-बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट, 14 जिलों में भारी बारिश

22 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, सिवनी-बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट, 14 जिलों में भारी बारिश
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ, चक्रवात और निम्न दाब क्षेत्र के असर से बारिश का मजबूत सिस्टम सक्रिय है। पिछले 2 दिनों से पूर्वी हिस्से में तेज बारिश जारी है, जिससे नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है।


शनिवार को सिवनी और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की गतिविधियां अगले 3 दिनों तक बनी रह सकती हैं।


सिवनी-बालाघाट में 4 से 8 घंटे बारिश का अनुमान

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार सिवनी और बालाघाट में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 घंटे तक बारिश हो सकती है। दोनों जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


भारी बारिश का अलर्ट इन जिलों में है:

- दतिया

- भिंड

- निवाड़ी

- टीकमगढ़

- छतरपुर

- पन्ना

- सागर

- दमोह

- छिंदवाड़ा

- पांढुर्णा

- नर्मदापुरम

- रायसेन

- विदिशा

- अशोकनगर


इन जिलों में भी बारिश के आसार

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।


24 अगस्त तक बारिश का दायरा बढ़ने के संकेत

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक प्रदेश में इस समय तीन मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। इनके असर से पूर्वी हिस्से के अलावा उत्तर और मध्य मध्य प्रदेश में भी बारिश हो रही है।


उनके अनुसार 24 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ सकती हैं। शनिवार को भी कई जिलों में तेज बारिश की स्थिति बन सकती है।


विंध्य में बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर

विंध्य क्षेत्र में शुक्रवार शाम से शुरू हुई बारिश रात तक जारी रही। शनिवार सुबह तक रीवा और आसपास के इलाकों में इसका असर दिखाई दिया। रीवा शहर के निचले हिस्सों में पानी भरने से कई सड़कें डूब गईं। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। मऊगंज, सतना और चित्रकूट क्षेत्र में भी नदियों के उफान पर होने की स्थिति सामने आई है।


नागौद में 24 घंटे में 6.4 इंच बारिश

सतना जिले के नागौद में पिछले 24 घंटे के दौरान 6.4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। यह इस मानसून सीजन में जिले में 24 घंटे में दर्ज की गई सबसे ज्यादा बारिश है।


1 जून से 21 अगस्त तक सतना में औसतन 32.2 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। यह सामान्य बारिश से करीब 5 इंच ज्यादा है। मौसम विभाग ने जिले में अगले 2 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।


सतना के अन्य क्षेत्रों में दर्ज बारिश:

- सोहावल: 5.2 इंच

- मझगवां: 4.2 इंच

- जसो: 4.1 इंच

- रामपुर बाघेलान: 2.8 इंच

- रघुराजनगर: 1.6 इंच

- उचेहरा: 1.2 इंच

- बिरसिंहपुर: 0.2 इंच


सीधी में 104 करोड़ की सड़क पहली बारिश में क्षतिग्रस्त

सीधी जिले में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने सड़क संपर्क को भी प्रभावित किया है। रामपुर नैकिन जनपद में 104 करोड़ रुपए की लागत से बनी नई सड़क बारिश के दौरान कटकर बह गई।


पहाड़ी इलाकों से बारिश के पानी के साथ मलबा और पत्थर आने के कारण कई मुख्य मार्ग भी बंद हो गए हैं। इससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें