शनिवार, 18 अप्रैल 2026
Logo
Madhaya Pradesh

लू की चपेट में मध्यप्रदेश,मौसम विभाग ने 16 जिलों में अलर्ट जारी

16 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
लू की चपेट में मध्यप्रदेश,मौसम विभाग ने 16 जिलों में अलर्ट जारी
Deepak Singh
डेस्क रिपोर्टर
Deepak Singh

भोपाल।  मध्यप्रदेश में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीते दिनों तक जहां मौसम सुहावना बना हुआ था, वहीं अब तापमान में हर दिन तेज उछाल देखने को मिल रहा है। पारे की  रफ्तार हर दिन बढ़ती ही जा रही है।जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं बुधवार को प्रदेश के पांचों बड़े शहरों में राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री पहुंच गया वही इंदौर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री, उज्जैन में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री, जबलपुर में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पचमढ़ी 33.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।बुधवार को गर्मी का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि 25 शहरों में पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।


अप्रैल के आखिरी सप्ताह में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान


मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल में प्रदेश में तेज गर्मी पड़ने का ट्रेंड है लेकिन महीने की शुरुआत से ही इस साल एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले पखवाड़े में मौसम बदला रहा। पश्चिमी विक्षोभ अब प्रदेश से विदा हो चुका है और अब प्रदेश में तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा। हालांकि आज एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान भी है लेकिन मध्यप्रदेश में इसका असर देखने को नहीं मिलेगा।आज से अप्रैल के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत हो रही है और अनुमान है कि अब गर्मी के तेवर और भी ज्यादा तीव्र हो जाएंगे। इस महीने के अंत तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसी के चलते मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, यदि निकलना जरूरी हो तो सिर और चेहरे को ढककर रखें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में इस तरह के बदलाव से बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। गर्मी के इस बढ़ते असर को देखते हुए लोगों को अपनी दिनचर्या और खानपान में भी सावधानी बरतने की जरूरत है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें