
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन ने मध्य प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को बड़ी खुशखबरी दी है। छिंदवाड़ा जिले के सौंसर निवासी युवा खिलाड़ी मंगेश यादव को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी टीम में शामिल किया है। जैसे ही मंगेश का नाम करोड़ों में बिका, उनके गृह जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।
अबू धाबी में हुआ IPL मिनी ऑक्शन
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन मंगलवार 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित किया गया। ऑक्शन के दौरान पिछली बार की विजेता टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मध्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ी मंगेश यादव पर बड़ा दांव खेला।
5.20 करोड़ में RCB के हुए मंगेश
मंगेश यादव अनकैप्ड खिलाड़ियों की सूची में शामिल थे और उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये था। नीलामी के दौरान RCB और SRH के बीच उन्हें खरीदने को लेकर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। SRH ने 5 करोड़ रुपये तक बोली लगाई, लेकिन अंत में RCB ने 5.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर मंगेश यादव को अपनी टीम में शामिल कर लिया। यह मंगेश के लिए आईपीएल डेब्यू सीजन होगा।
सौंसर के रहने वाले हैं मंगेश यादव
23 वर्षीय मंगेश यादव, छिंदवाड़ा जिले के सौंसर के रहने वाले हैं। वह लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर, राइट हैंड बल्लेबाज हैं। मंगेश गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
मंगेश यादव ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही उन्होंने एक पारी में 28 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता भी दिखाई। वहीं MP T20 लीग 2025 में मंगेश ने 14 विकेट लेकर खुद को सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज साबित किया, जिससे उनकी पहचान तेजी से बनी।
वेंकटेश अय्यर को भी RCB ने खरीदा
इससे पहले IPL Auction 2026 में मध्य प्रदेश के ही वेंकटेश अय्यर को भी RCB ने अपनी टीम में शामिल किया है।
कीमत: 7 करोड़ रुपये
बेस प्राइस: 2 करोड़ रुपये
यह राशि उनके पिछले सीजन की 16.75 करोड़ रुपये की कीमत से कम रही। उनकी पुरानी टीम कोलकाता ने इस बार ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। वेंकटेश अय्यर ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत कोलकाता से की थी और 2021 के बाद पहली बार वह किसी दूसरी टीम के लिए खेलते नजर आएंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

