
स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम–2026 में इस बार मध्यप्रदेश ने वैश्विक निवेश मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल पिछले दो दिनों से दावोस में है और अब खुद सीएम मोहन यादव भी इस वैश्विक सम्मेलन में शामिल होने पहुंच गए हैं। ज्यूरिख एयरपोर्ट पर प्रदेश की फर्स्ट सेक्रेटरी वीना तिर्की ने उनका स्वागत किया। स्विट्जरलैंड की ठंड के बीच सीएम जैकेट और पेंट में नजर आए।
वैश्विक कंपनियों के साथ रणनीतिक संवाद
WEF–2026 के दूसरे दिन मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा परिवर्तन, डिजिटल नवाचार, अधोसंरचना विकास और निवेश सहयोग जैसे विषयों पर दुनिया की अग्रणी कंपनियों के साथ अहम बैठकें कीं। प्रदेश ने स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी आधारित आर्थिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से रखा।
गूगल से AI और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा
एमपी प्रतिनिधिमंडल ने गूगल एशिया पैसिफिक के वाइस प्रेसिडेंट संजय गुप्ता से मुलाकात की।
इस दौरान:
AI मिशन
क्लाउड डेटा सेंटर
AI इन्फ्रास्ट्रक्चर
कार्बन-फ्री डिजिटल इकोसिस्टम
पर संभावित साझेदारी को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
ग्रीन हाइड्रोजन और स्वच्छ ऊर्जा पर फोकस
ट्री एनर्जी सॉल्यूशंस (TES) के सीईओ मार्को अल्वेरा के साथ मध्यप्रदेश की भविष्य-उन्मुख ऊर्जा नीति के तहत ग्रीन हाइड्रोजन और e-NG आधारित स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं पर चर्चा की गई।
दावोस रवाना होने से पहले सीएम मोहन यादव ने कहा, “मध्यप्रदेश में निवेश लाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। टेक्नोलॉजी, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल सहित सभी क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।” सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि निवेश के साथ-साथ प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित करना और उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

