
भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है।सर्द हवाओं ने पूरे प्रदेश को अपने आगोश में ले रखा है। दिन में धूप निकलने से राहत मिलती है लेकिन सुबह और रातें ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं।मंगलवार को प्रदेश के 10 शहरों का तापमान 10 डिगी से कम दर्ज किया गया। वहीं भोपाल और इंदौर में पिछले 25 सालों का रिकॉर्ड भी टूट गया है।बीते 24 घंटों में प्रदेश के बड़े शहरों में भोपाल का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री,इंदौर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री,उज्जैन का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने बुधवार को मध्यप्रदेश के 23 जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।
भोपाल में लगातार चौथे दिन चली शीतलहर
राजधानी भोपाल में सर्दी के इस सीजन में एक नया रिकॉर्ड बन गया है। शहर का न्यूनतम तापमान लगातार चौथे दिन भी 8 डिग्री पर ठिठका रहा। राजधानी भोपाल ठंड के चलते देश के 8वें सबसे सर्द शहरों में शुमार रहा।दरसअल प्रदेश में इस साल सर्दी का मिजाज कुछ बदला हुआ सा नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार हवाओं का रुख बदला हुआ है। आमतौर पर कश्मीर से बहने वाली हवाएं पंजाब,हरियाणा,दिल्ली ग्वालियर-चंबल से होते हुए आती हैं लेकिन इस बार वह राजस्थान से होते हुए भोपाल और मालवा की तरफ मुड़ गई हैं। इस वजह से भोपाल और इंदौर संभाग इस बार ग्वालियर, पचमढ़ी और नर्मदापुरम से अधिक सर्द हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

