
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है और इसकी सबसे बड़ी चर्चा सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पेश किए जाने को लेकर है। 24 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों कई अहम मुद्दों पर आमने-सामने नजर आएंगे।
रविवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में UCC विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद अब इसे विधानसभा में पेश करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सत्र के दौरान जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई विषय भी सदन में गूंजेंगे।
विधानसभा के सेंट्रल हॉल में लगीं चार राष्ट्रीय नेताओं की तस्वीरें
मानसून सत्र से पहले विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, अटल बिहारी वाजपेयी, जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीरें लगाई गई हैं। करीब ढाई साल पहले दिसंबर 2023 में सदन के भीतर आसंदी के दाईं ओर लगी जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर हटाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र लगाया गया था। उस समय कांग्रेस विधायकों ने इस बदलाव का विरोध दर्ज कराया था।
विपक्ष नियम 139 के तहत करेगा चर्चा की मांग
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने खरीफ सीजन में किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और अवर्षा से बनी स्थिति पर नियम 139 के तहत चर्चा कराने की तैयारी की है।
अलग-अलग विधायक उठाएंगे अपने क्षेत्रों के मुद्दे
सत्र के दौरान विभिन्न विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विषय सदन में रखेंगे। इनमें प्रमुख मांगें और मुद्दे इस प्रकार हैं—
- देवेंद्र पटेल (सिलवानी, कांग्रेस): तेज आवाज वाले डीजे और साउंड सिस्टम पर कार्रवाई नहीं होने का मामला ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाएंगे।
- अर्चना चिटनीस (बुरहानपुर, भाजपा): महाराष्ट्र के पंढरपुर में मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखेंगी।
- आतिफ अकील (भोपाल उत्तर, कांग्रेस): मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण और खराब सड़कों के निर्माण का मुद्दा उठाएंगे।
- विश्वनाथ सिंह (तेंदूखेड़ा): नरसिंहपुर जिले के सिहोरा को जनपद पंचायत बनाने की मांग करेंगे।
- राजेश शुक्ला (बिजावर): छतरपुर जिले के ईशानगर को नगर परिषद घोषित करने का प्रस्ताव रखेंगे।
- मधु भगत (परसवाड़ा): सिंगरौली जिले के कोल ब्लॉक की जमीन कम दर पर खरीदे जाने से हुए आर्थिक नुकसान का मामला सदन में उठाएंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

