
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा राहत रीवा संभाग में देखने को मिली, जहां पारा 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 21 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी तरफ कई शहरों में गर्मी अभी भी लोगों को परेशान करने वाली है।
21 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा समेत कुल 21 जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। इन इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में भी मौसम अचानक बदल सकता है। ऐसे में किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रीवा-ग्वालियर में मिली राहत, कई शहर रहे ठंडे
गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सामान्य से ठंडा रहा। रीवा में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जबकि ग्वालियर, नौगांव, सीधी और सतना में भी गर्मी का असर कम देखने को मिला। ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग में कहीं बादल छाए रहे तो कहीं तेज आंधी चली। मौसम में इस बदलाव से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं दिख रही।
इन जिलों में हुई बारिश
गुरुवार को टीकमगढ़, नर्मदापुरम और श्योपुर जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। हालांकि अगले कुछ दिनों में हालात फिर बदल सकते हैं।
भोपाल-इंदौर समेत 34 जिलों में गर्मी बरकरार
जहां एक तरफ कुछ जिलों में बारिश राहत दे रही है, वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत प्रदेश के 34 जिलों में गर्मी का असर जारी रहेगा। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके आसपास रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आखिर क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल मध्य प्रदेश के ऊपर दो अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इसके साथ ही एक ट्रफ लाइन प्रदेश के पूर्वी हिस्से से गुजर रही है। यही सिस्टम बारिश और आंधी की वजह बन रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 10 और 11 मई से पूरे प्रदेश में फिर से गर्मी तेज होने के आसार हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

