शुक्रवार, 03 अप्रैल 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्यप्रदेश में 4 दिन आंधी और बारिश का रहेगा दौर,शुक्रवार को 42 जिलों में अलर्ट जारी

03 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्यप्रदेश में 4 दिन आंधी और बारिश का रहेगा दौर,शुक्रवार को 42 जिलों में अलर्ट जारी
Deepak Singh
डेस्क रिपोर्टर
Deepak Singh

भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। पिछले चार दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिल रहा है। कहीं तेज आंधी चल रही है, तो कहीं झमाझम बारिश हो रही है, वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी जारी है। गुरुवार को भी मौसम कुछ इसी तरह का रहा। राजधानी भोपाल में दोपहर में तेज गर्मी पड़ी तो वहीं शाम होते-होते मौसम में बदलाव देखा गया। शहर में रात को तेज आंधी चली और बारिश हुई। इसके चलते देर रात कई इलाकों में बिजली गुल रही। आंधी से कई स्थानों पर पेड़ भी गिर गए। बीते 24 घंटे में प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश भरा मौसम रहा वहीं धार सहित कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हुई है। बारिश और  ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो ट्रफ लाइन के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।


कहीं ओलावृष्टि तो कहीं 40 डिग्री पार तापमान


मध्यप्रदेश में अभी दो तरह के मौसम देखे जा रहे है। यहां बारिश के साथ ही गर्मी का असर बना हुआ है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। बड़े शहरों की बात करें तो राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री, इंदौर में 36.2 डिग्री, उज्जैन में 36.5 डिग्री, जबलपुर में 37.2 डिग्री और ग्वालियर में 38.7 डिग्री दर्ज किया गया है।नर्मदापुरम 40.4 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि पचमढ़ी 32.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 6 अप्रैल के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू होगी। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तेज गर्मी का दौर लौट सकता है, जहां तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही लू चलने का खतरा भी बढ़ जाएगा।फिलहाल, बदलते मौसम के इस दौर में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें