
भोपाल। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक, प्रभावी और टिकाऊ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। 11 और 12 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाली 'यात्री परिवहन विजन समिट-2026' में भविष्य की परिवहन नीति और विकास की रणनीति पर व्यापक चर्चा होगी।
इस दो दिवसीय आयोजन में सरकार, उद्योग, नीति-निर्माताओं और परिवहन क्षेत्र के विशेषज्ञ एक मंच पर आएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे, जो मध्यप्रदेश यात्री मोबिलिटी विजन 2030 पर अपना दृष्टिकोण भी साझा करेंगे।
इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा आयोजन
समिट का आयोजन इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। उद्घाटन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना और यात्री परिवहन को मजबूत बनाने में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) की भूमिका पर भी संबोधित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं से मध्यप्रदेश में निवेश, उद्योगों के लिए सुविधाएं और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर संवाद करेंगे।
पहले दिन होंगे नीति, निवेश और नवाचार पर मंथन
समिट के पहले दिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें शामिल हैं—
उद्घाटन सत्र
मुख्य वक्तव्य
उच्चस्तरीय पैनल चर्चा
उद्योग प्रदर्शनी
नेटवर्किंग सत्र
ज्ञान-साझाकरण संवाद
इन सभी सत्रों का केंद्र बिंदु नीति निर्माण, नवाचार, निवेश और भविष्य की यात्री परिवहन व्यवस्था रहेगा।
दूसरे दिन उज्जैन सांस्कृतिक भ्रमण
कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रतिनिधियों के लिए उज्जैन सांस्कृतिक एवं विरासत भ्रमण रखा गया है। इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल दर्शन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।
इन प्रमुख विषयों पर होगी विस्तृत चर्चा
समिट में परिवहन क्षेत्र से जुड़े कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा, जिनमें शामिल हैं—
बस संचालन और इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) में PPP मॉडल
भविष्य की परियोजनाओं के लिए निजी निवेश को बढ़ावा
AI आधारित एनालिटिक्स के जरिए इंट्रासिटी और इंटरसिटी बस रूट की योजना
आर्थिक रूप से टिकाऊ सार्वजनिक बस संचालन की रणनीति
यात्री सुरक्षा, विश्वसनीयता और बेहतर सुविधाएं
स्वच्छ ईंधन आधारित एवं भविष्य के अनुरूप वाहन
एकीकृत टिकटिंग और स्वचालित किराया संग्रहण प्रणाली
केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा
समिट से क्या परिणाम निकलने की उम्मीद
इस आयोजन के जरिए कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मध्यप्रदेश यात्री मोबिलिटी विजन 2030 का रोडमैप तैयार हो सकता है।
यात्री परिवहन में PPP परियोजनाओं को गति मिल सकती है।
डिजिटल परिवर्तन और डेटा आधारित मोबिलिटी गवर्नेंस को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
हरित एवं सतत परिवहन समाधानों में निवेश को प्रोत्साहन मिल सकता है।
गैर-किराया राजस्व और वित्तीय स्थिरता के लिए नए मॉडल सामने आ सकते हैं।
सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत और तकनीकी भागीदारों के बीच सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार की योजनाओं और निजी भागीदारी से रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

