
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने और युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, रिसर्च, स्टार्टअप व खेल से जुड़े कई फैसलों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल MPPSC की दो परीक्षाएं होंगी, जिनमें एक विशेष परीक्षा होगी। प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 यूनिवर्सिटी खोलने, एक लाख युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने तथा सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग शुरू करने की भी घोषणा की गई।
रिसर्च स्टूडेंट्स को अब 25 हजार रुपए महीना
मुख्यमंत्री के मुताबिक रिसर्च करने वाले विद्यार्थियों को मिलने वाली मासिक राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दी गई है। यह राशि उच्च शिक्षा विभाग की ओर से दी जाएगी। सभी सरकारी कॉलेजों में AI लैब खोलने की योजना भी बताई गई। यूनिवर्सिटी में रिसर्च के लिए एक करोड़ रुपए का फंड उपलब्ध कराने की बात कही गई।
MPPSC की दो परीक्षाएं, एक होगी विशेष
सरकार के अनुसार 2027 में MPPSC दो परीक्षाएं आयोजित करेगा। इनमें से एक परीक्षा विशेष होगी और मुख्यमंत्री ने इसे देश में केवल मध्य प्रदेश में होने वाली परीक्षा बताया। कॉलेज स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जिलास्तर पर सरकारी कॉलेजों में निशुल्क कोचिंग शुरू करने की घोषणा भी हुई।
स्टार्टअप के लिए 5 करोड़ का आइडिया फंड
युवाओं के स्टार्टअप और नए विचारों को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपए के आइडिया फंड का प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप के लिए एक युवा को 5 लाख रुपए तक का अनुदान भी दिया जा रहा है। भोपाल में AI सिटी, नॉलेज सिटी और साइंस सिटी विकसित करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। इसके साथ सेमीकंडक्टर सहित नए तकनीकी क्षेत्रों में नवाचार को प्रोत्साहित करने की जानकारी दी।
एक लाख युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने का लक्ष्य
सरकार ने एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। रोजगार के लिए सरकार प्लेसमेंट एजेंसी तय करेगी, जिसके माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि रोजगारपरक उद्योगों पर आधारित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में आयोजित की जाएगी। MPPSC के अलावा रोजगारपरक परीक्षा कराने की योजना भी बताई गई।
12 मेडिकल कॉलेज और 12 यूनिवर्सिटी खोलने की घोषणा
युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के तहत 2027 में 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने की बात कही गई। रोजगारपरक शिक्षा के लिए 12 नई यूनिवर्सिटी शुरू करने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ढाई साल में मध्य प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है और राज्य में अब तक 85 हजार नौकरियां दी गई हैं।
कृषि से लेकर फूड प्रोसेसिंग तक युवाओं के लिए अवसर
ओरिएंटल इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की छात्रा मायसा खान ने कृषि व्यवसाय में युवाओं की भागीदारी को लेकर सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने खेत से फूड प्रोसेसिंग तक पूरी वैल्यू चेन विकसित करने की बात कही। उन्होंने ड्रैगन फ्रूट की खेती और मशरूम उत्पादन का उदाहरण देते हुए कहा कि युवा कृषि में नए प्रयोग कर रहे हैं। सरकार ऑर्गेनिक फार्मिंग और कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को बढ़ावा देने के साथ दूध उत्पादन और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने पर भी काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में करीब पौने 14 लाख किसानों से 1 लाख मीट्रिक टन गेहूं की रिकॉर्ड खरीदी की गई है। किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
230 विधानसभा क्षेत्रों में विकसित होंगे खेल मैदान
स्कोप ग्लोबल यूनिवर्सिटी के छात्र लक्ष्य श्रीवास्तव ने मध्य प्रदेश को स्पोर्ट्स हब बनाने को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने एशियाड में 5 गोल्ड समेत 11 पदक जीते हैं। खेल को स्कूलों में एक विषय बनाया गया है और प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर खेल मैदान विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के युवा वर्ष में खेलों को टॉप प्रायोरिटी में रखा जाएगा। उन्होंने भोपाल के शूटिंग खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
AI और टेक्नोलॉजी पर सरकार का फोकस
LNCT की B.Tech फाइनल ईयर की छात्रा ईशा वारस्कर ने AI और स्टार्टअप को लेकर सरकार की योजना पूछी। मुख्यमंत्री ने AI सिटी भोपाल, नॉलेज सिटी और साइंस सिटी की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम हो रहा है। IT पार्क इंदौर, रीवा और उज्जैन में बनाने तथा ग्वालियर में देश का सबसे बड़ा टेलीकॉम हब विकसित करने की योजना बताई गई।
सोशल मीडिया के दौर में संस्कृति को लेकर भी सवाल
सरोजनी नायडू कॉलेज की छात्रा अपर्णा ने आधुनिक जीवनशैली और सोशल मीडिया के बीच भारतीय संस्कृति व संस्कारों से जुड़े रहने को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने भारतीय जीवनशैली में प्रकृति, नदियों, पहाड़ों और पर्वतों के प्रति सम्मान का उल्लेख किया। उन्होंने उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब 8 लाख आबादी वाले शहर में सिंहस्थ के दौरान 30-40 करोड़ लोगों के आने की संभावना के मद्देनजर AI आधारित तकनीक से व्यवस्थाओं को संभालने की तैयारी की जा रही है।
2047 के विकसित भारत पर मुख्यमंत्री ने गिनाए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान के छात्र अनिकेत तिवारी ने 2047 के विकसित भारत में मध्य प्रदेश के योगदान और युवाओं की भूमिका पर सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट और परिवहन ढांचे का उल्लेख किया। उनके अनुसार अंग्रेजों के समय इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और भोपाल में एयरपोर्ट थे। जनता पार्टी की सरकार में 1977 में खजुराहो एयरपोर्ट शुरू हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में सतना, दतिया और रीवा में तीन एयरपोर्ट खुले हैं। उन्होंने दावा किया कि इस साल 15 एयरपोर्ट में से 10 नए एयरपोर्ट शुरू होंगे।
उन्होंने हाइड्रोजन से चलने वाली रेल और नई तकनीक वाली ट्रेनों का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्रदेश के विकास को और गति देने का लक्ष्य है।
क्रिकेट और युवाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में हाल के क्रिकेट मुकाबले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले युवाओं के भरोसे क्रिकेट मैच में पाकिस्तान को हराया गया और एक ही दिन तीन क्रिकेट टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर जीत दर्ज की। उन्होंने यह भी कहा कि एक टीम गोल्ड मेडल लेकर आई है।
2027 के युवा वर्ष के लिए ये प्रमुख घोषणाएं
2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।
युवाओं से पोर्टल के माध्यम से सुझाव लिए जाएंगे।
जिलास्तर पर सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षा की मुफ्त कोचिंग शुरू होगी।
MPPSC की दो परीक्षाएं होंगी।
रिसर्च के लिए सहायता ₹16,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह की गई।
सभी सरकारी कॉलेजों में AI लैब खोली जाएंगी।
स्टार्टअप आइडिया के लिए ₹5 करोड़ का फंड बनाया जाएगा।
एक लाख युवाओं को कौशल विकास से जोड़ा जाएगा।
प्लेसमेंट के लिए सरकारी स्तर पर एजेंसी तय की जाएगी।
2027 में रोजगारपरक उद्योगों पर आधारित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होगी।
12 मेडिकल कॉलेज और 12 यूनिवर्सिटी खोलने की योजना है।
प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

