
भोपाल। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुई। इसमें तय किया गया कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़े स्तर पर रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों में करीब एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों के साथ आगामी कार्यक्रमों, राज्यसभा उम्मीदवार के चयन व केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मध्यप्रदेश तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
सरकार के तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कार्यों को सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। बैठक में इन सभी विषयों पर आगे की रणनीति तय करने के लिए विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आदि शामिल रहे।
राज्यसभा के लिए चार-पांच नामों का पैनल
बैठक में राज्यसभा की रिक्त एक सीट के लिए उम्मीदवार के चयन पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित उम्मीदवारों सहित चार-पांच नामों पर चर्चा की गई। इन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने पर सहमति बनी।
केंद्र की योजनाओं के लिए बनेगी विशेष टीम
केंद्र सरकार की योजनाओं का मध्यप्रदेश को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए प्रभावी समन्वय और कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में विभिन्न विभागों के मंत्रियों के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर योजनाओं के क्रियान्वयन पर काम किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय के साथ एक-एक सांसद को जोड़ने की व्यवस्था प्रस्तावित है, ताकि मंत्री, सांसद और अधिकारी आपसी समन्वय से योजनाओं को गति दे सकें।
खड़गे की टिप्पणी पर निंदा प्रस्ताव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अशोभनीय टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश कोर कमेटी ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में इस बयान की कड़ी भर्त्सना की गई। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पारित होने के विषय पर भी चर्चा हुई।
बिरसा मुंडा जयंती व सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा
बैठक में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार किया गया। वहीं, प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी कार्यों और विभागीय गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

