
भोपाल। मध्य प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में एक अहम बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री कार्यालय को और मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए रिटायर्ड IAS अधिकारी अजातशत्रु श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री का OSD (Officer on Special Duty) नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें महेश चंद चौधरी को पद से हटाए जाने के बाद सौंपी गई है। सरकार के आदेश के अनुसार श्रीवास्तव ने तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यभार संभाल लिया है। दिलचस्प बात यह है कि बीते दो दिनों से उनका मुख्यमंत्री आवास और कार्यालय में आना-जाना पहले ही शुरू हो चुका था।
अनुभव के लिए जाने जाते हैं अजातशत्रु श्रीवास्तव
रिटायर्ड IAS अजातशत्रु श्रीवास्तव को प्रदेश के वरिष्ठ और भरोसेमंद प्रशासनिक अधिकारियों में गिना जाता है। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली और नीतिगत फैसलों में अहम भूमिका निभाई। खासतौर पर शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री रहते हुए श्रीवास्तव सरकार के कई बड़े प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े रहे। यही वजह है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी सरकार ने उनके अनुभव का लाभ लेने का फैसला किया है।
दो अन्य पूर्व अधिकारियों को भी मिला सेवा विस्तार
इसी कड़ी में सरकार ने दो और वरिष्ठ पूर्व अधिकारियों को एक साल का एक्सटेंशन देने का निर्णय लिया है। पूर्व IPS अधिकारी राजेश कुमार हिंगणकर और पूर्व IAS अधिकारी गोपाल चंद्र डाड दोनों अधिकारी फिलहाल अलग-अलग प्रशासनिक और सलाहकार भूमिकाओं में कार्यरत हैं। उनके अनुभव और योगदान को देखते हुए सरकार ने उन्हें सेवा में बनाए रखने का फैसला किया है।
कई जिलों में कलेक्टर रहे, अनेक विभागों का अनुभव
अजातशत्रु श्रीवास्तव मध्य प्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं और राज्य शासन के विभिन्न विभागों में अहम पदों पर काम कर चुके हैं। प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को मुख्यमंत्री कार्यालय की कार्यक्षमता बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में नीति निर्माण, विभागीय समन्वय और बड़े प्रशासनिक फैसलों में उनकी भूमिका काफी प्रभावी रहेगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

