गुरुवार, 30 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मीठी संस्कृति व उर्वर भूमि के लिए मशहूर मालवा क्षेत्र अब ग्रीन एनर्जी का हब बनने जा रहा: डॉ. मोहन यादव

16 नव, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm dr mohan yadav

Cm dr mohan yadav

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शाजापुर जिले के औद्योगिक प्रक्षेत्र मक्सी के दशहरा मैदान में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन-लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मालवा क्षेत्र, जो अपनी मीठी संस्कृति और उर्वर भूमि के लिए मशहूर है, अब ग्रीन एनर्जी का हब बनने जा रहा है। यह क्षेत्र विकास के नए संकल्पों के साथ नई ऊर्जा और उमंग से प्रदीप्त हो रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शाजापुर जो सोने और नमकीन के लिए जाना जाता है, अब अपनी औद्योगिक प्रगति के लिए भी पहचाना जा रहा है। उज्जैन-शाजापुर की पुण्यधरा हरित ऊर्जा उत्पादन में उपयोग होने वाले सभी उपकरणों का प्रोडक्शन सेंटर बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि मक्सी नगर अब सेंट्रल इंडिया के ग्रीन मैनुफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित होकर अपनी नई पहचान कायम करेगा। इससे यहां के किसानों को अपने ही क्षेत्र में प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और भंडारण की भी सुविधा मिलेगी। 

8174 करोड़ रुपए से बनने वाली 6 औद्योगिक इकाइयों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मक्सी नगर में करीब 8174 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 6 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। इसमें चार इकाइयों का भूमिपूजन व दो इकाइयों का लोकार्पण शामिल है। इससे इस क्षेत्र के 15 हज़ार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने करीब 384 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से उज्जैन से मक्सी तक निर्मित होने वाली करीब 38.95 किलोमीटर लम्बी फोर लेन रोड़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।

 

इन कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले के लिए 487 करोड़ 36 लाख रुप्ए से अधिक की लागत वाले 20 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 68.93 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित 11 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 418.42 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 9 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। आज लोकार्पित होने वाले प्रमुख कार्यों में 51 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से निर्मित सरदार वल्लभ भाई पटेल सांदीपनि विद्यालय के नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण भी शामिल है।

 

मुख्यमंत्री ने 39.50 करोड़ रुपए राहत राशि का किया वितरण 

 मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले के 60 हजार से अधिक किसानों को सिंगल क्लिक के जरिए 39.50 करोड़ रुपए राहत राशि का वितरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले में राज्य शासन द्वारा संचालित/नियंत्रित करीब 995 देव स्थानों की एक निर्देशिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बीते दिनों जापान में हुई चौथी एशियन कूडो चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल करने वाली शाजापुर जिले की खिलाड़ी छात्रा का सम्मान भी किया।

 

शाजापुर जिले के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं

मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले में प्रस्तावित लखुन्दर सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने बेरछा-झोकरा-मक्सी सड़क मार्ग के 110 करोड़ रुपए से होने वाले उन्नयन कार्य को मंजूरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मोहन बड़ोदिया में बायपास सहित अन्य क्षेत्रीय सड़कों के निर्माण कार्य को भी मंजूरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लखुंदर नदी पर 20 करोड़ रुपए की लागत वाले एक उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मतगांव में 315 एमपीए क्षमता का ग्रिड निर्माण कार्य, मक्सी में युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रस्तावित लैब निर्माण कार्य को मंजूरी देते हुए नगरपालिका शाजापुर एवं नगर परिषद मक्सी में विभिन्न विकास कार्यों की लिए 10-10 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।

 

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति 

कार्यक्रम को देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक शाजापुर अरूण भीमावद, जिला अध्यक्ष रवि पांडे और जैक्सन इन्ट्रीग्रेटेड सोलर लिमिटेड के पदाधिकारी संजय गुप्ता ने भी संबोधित किया। उच्च शिक्षा, आयुष एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक डॉ. राजेश सोनकर, कलावती यादव, बबीता की उपस्थिति रही।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें