
नई दिल्ली। देश भर में हवाई यात्रा की रफ्तार अचानक थम गई है। IndiGo की एक के बाद एक रद्द होती उड़ानों और लगातार देरी ने यात्रियों को बेहाल कर दिया है। दिल्ली से लेकर चेन्नई तक, मुंबई से भोपाल और जयपुर तक—लगभग हर बड़े एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल है। बीते दिन जहां हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द रहीं, वहीं आज भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं।
आज भी कई शहरों से उड़ानें रद्द
आज 6 दिसंबर को भी दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, भोपाल, इंदौर, रायपुर, कोच्चि, तिरुवनंतपुरम, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स से बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द रहने की जानकारी है। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर 11 आगमन और 11 प्रस्थान उड़ानों में से 3-3 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। बीते दिन 5 दिसंबर को IndiGo की करीब एक हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द रही थीं।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी
लगातार रद्द और लेट होती फ्लाइट्स के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई एयरपोर्ट पर भीड़ बढ़ी हुई है और कई यात्री हॉल में फर्श पर बैठकर अपनी फ्लाइट का इंतजार करते नजर आए।
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने देर रात यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में बताया गया है कि IndiGo की उड़ान सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें और जरूरत पड़ने पर एयरलाइन से सीधे संपर्क करें।
10–15 दिसंबर तक सामान्य होने की उम्मीद
IndiGo एयरलाइन ने इस परेशानी के लिए यात्रियों से माफी मांगी है और बताया है कि फ्लाइट का संचालन 10–15 दिसंबर तक सामान्य हो सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

