
भोपाल । मध्यप्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला लगातार बना हुआ है। जहां एक ओर गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर शुक्रवार से मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार बन रहे हैं, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।दरअसल, उत्तर भारत में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ ने 27 मार्च से सक्रिय हो चुका है जिसका प्रभाव आज से दिखाई देने लगेगा, जबकि दूसरा 28 मार्च से सक्रिय होगा। अगर ये सिस्टम मजबूत रहता है, तो प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार तीन दिन तक बारिश हो सकती है।मौसम में बदलाव की शुरुआत सागर संभाग से होने की संभावना है। जिसके चलते मौसम विभाग ने ग्वालियर सहित 7 जिलों में आंधी,बारिश का अलर्ट जारी किया है। स्ट्रॉन्ग सिस्टम बनने से 3 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी भोपाल, इंदौर सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई इलाकों में भी मौसम बदलेगा और बारिश होने के आसार हैं। संभावना है कि अप्रैल की शुरुआत भी बारिश के साथ हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम की अनिश्चितता स्वास्थ्य पर पड़ सकती है भारी
इस साल मौसम में अनिश्चितता का दौर बना हुआ है जो लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।मार्च की शुरुआत में तेज गर्मी के बाद लगातार उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। फिलहाल प्रदेश में गर्मी का दौर जारी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.4 डिग्री, इंदौर में 37.2 डिग्री, उज्जैन में 37.7 डिग्री, जबलपुर में 37.5 डिग्री और ग्वालियर में 36.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, नर्मदापुरम 41.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पचमढ़ी 32.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।हालांकि, विशेषज्ञों का अनुमान है कि अप्रैल और मई में गर्मी अपने तेवर दिखाएगी और तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। फिलहाल, आने वाली बारिश लोगों को कुछ दिनों की राहत जरूर दे सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

