
इंदौर। ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय संस्कृति एवं ग्राम्य जीवन की वास्तविक समझ विकसित करने के उद्देश्य से अरविंदो मेडिकल यूनिवर्सिटी, इंदौर के 47 एमबीबीएस विद्यार्थियों ने 10 सितंबर को धार जिले के पर्यटन ग्राम ज्ञानपुरा का शैक्षणिक भ्रमण किया। ‘नॉलेज टूरिज्म’ के तहत विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन और स्थानीय संस्कृति से रूबरू हुए।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम ज्ञानपुरा में विकसित ग्रामीण होमस्टे को देखा। उन्होंने बैलगाड़ी की सवारी, भजन मंडली की प्रस्तुति, ‘फार्म टू प्लेट’ अनुभव, पेड़ों पर झूला झूलने और पहाड़ियों पर ट्रैकिंग का आनंद लिया। ट्रैकिंग के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय पहाड़ियों से जुड़ी रोचक कहानियां भी सुनीं। इसके अलावा पारंपरिक जनजातीय नृत्य ने विद्यार्थियों को स्थानीय संस्कृति से परिचित कराया।
विद्यार्थियों को दोपहर के भोजन में स्थानीय पारंपरिक व्यंजन दाल-बाफला परोसा गया। शाम को चाय और स्वादिष्ट नाश्ते के बाद विद्यार्थियों ने मांडू स्थित ऐतिहासिक जहाज महल का भ्रमण किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ग्रामीण भारत की जीवनशैली और संस्कृति को प्रत्यक्ष रूप से समझने का एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुआ।
होमस्टे संचालकों से किया संवाद, उनके अनुभवों को जाना
इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीण होमस्टे संचालकों से संवाद कर उनके अनुभवों को जाना तथा ग्रामीण पर्यटन से स्थानीय लोगों को मिलने वाले आर्थिक एवं सामाजिक लाभों की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने माना कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय पर्यटन की संभावनाओं को समझने में मदद मिलती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

