
भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार सर्दी का मिजाज थोड़ा अजीब है। रात में कंपकंपी कम जरूर हुई है, लेकिन सुबह होते ही सड़कों पर दूधिया धुंध छा जा रही है। शुक्रवार को आधे से ज्यादा प्रदेश में कहीं घना तो कहीं हल्का कोहरा देखने को मिला। हालात ये रहे कि कई जगहों पर 50 मीटर आगे कुछ दिखना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले तीन दिन तक कोहरे से राहत नहीं मिलेगी, और इसके बाद प्रदेश में फिर से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा।
आधे प्रदेश में छाया कोहरा, 15 शहरों में दिन भी ठंडा
शुक्रवार को मध्यप्रदेश के करीब आधे जिलों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहा। दिन का तापमान भी हैरान करने वाला रहा। करीब 15 शहर ऐसे रहे, जहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। दतिया, गुना, ग्वालियर, टीकमगढ़, खजुराहो जैसे इलाकों में तो दिन में भी ऐसा लग रहा था जैसे रात हो। मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, इस बार दिसंबर में पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। मौसम साफ रहा, लेकिन भोपाल, इंदौर जैसे बड़े शहरों में 15 से 16 दिन तक शीतलहर चली। यही पैटर्न जनवरी में भी देखने को मिलेगा।
जनवरी में 15–20 दिन शीतलहर, दूसरे हफ्ते से तेज ठंड
साल के पहले ही दिन ग्वालियर में हल्की बारिश ने मौसम का मूड बदल दिया। भोपाल और इंदौर में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जनवरी महीने में 15 से 20 दिन तक कोल्ड वेव यानी शीतलहर चलेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, जनवरी का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही प्रदेश में फिर से कड़ाके की ठंड लौटेगी और यह दौर महीने के आखिर तक बना रह सकता है। यानी फिलहाल जो थोड़ी राहत महसूस हो रही है, वो ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है।
कोहरे से थमी रफ्तार, भोपाल–इंदौर–ग्वालियर की ट्रेनें 2 घंटे लेट
घने कोहरे का सबसे बड़ा असर ट्रेनों पर देखने को मिला। गुरुवार–शुक्रवार की दरम्यानी रात पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, लेकिन शुक्रवार सुबह कोहरे ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर रूट की ट्रेनों को रेंगने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली से आने वाली मालवा एक्सप्रेस, शताब्दी, सचखंड समेत कई ट्रेनें 2 घंटे तक देरी से पहुंचीं। खजुराहो में तो हालात ऐसे थे कि 50 मीटर आगे कुछ नजर नहीं आ रहा था। इन शहरों में विजिबिलिटी बेहद कम रही – भोपाल, दतिया, ग्वालियर, रतलाम, दमोह, रीवा, सागर, सतना, गुना, इंदौर, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, मलाजखंड, श्योपुर, नर्मदापुरम, सिवनी, नौगांव और मंडला।
रातें थोड़ी गर्म, लेकिन दिन बने ‘कोल्ड डे’
अच्छी खबर ये रही कि रात के न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन जैसे शहरों में पारा 10 डिग्री से ऊपर रहा। हालांकि पचमढ़ी, शिवपुरी, टीकमगढ़, राजगढ़, रीवा और नौगांव ऐसे इलाके रहे, जहां रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना रहा।
लेकिन दिन के हालात बिल्कुल उलट रहे। शुक्रवार को दतिया में अधिकतम तापमान सिर्फ 16.8 डिग्री, गुना-नौगांव में 17 डिग्री और ग्वालियर में 17.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। भोपाल और सीधी में भी पारा महज 23.6 डिग्री तक पहुंच सका। इसी वजह से कई शहरों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बने रहे।
अगले 2 दिन कोहरे का अलर्ट, संभलकर निकलें
मौसम विभाग ने 4 और 5 जनवरी के लिए भी कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। 4 जनवरी को ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल और उमरिया में सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है। 5 जनवरी को ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में कोहरे का असर ज्यादा रहेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

