मंगलवार, 31 मार्च 2026
Logo
Madhaya Pradesh

रतलाम में एमडीएमए निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़, 500 ग्राम एमडी व ब्राउन शुगर सहित आरोपी गिरफ्तार

31 मार्च, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
रतलाम में एमडीएमए निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़, 500 ग्राम एमडी व ब्राउन शुगर सहित आरोपी गिरफ्तार
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में पुलिस ने गत दो दिनों में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ड्रग तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ एक संगठित सिंथेटिक ड्रग निर्माण नेटवर्क का भी भंडाफोड़ किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में थाना रिंगनोद पुलिस व थाना पिपलोदा पुलिस की ओर से की गई है।


थाना पिपलोदा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में पुलिस ने 31 मार्च को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी (एमडीएमए) सिंथेटिक ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में संचालित इस अवैध लैब पर दबिश देकर पुलिस ने लगभग 175 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ, 200 ग्राम तैयार एमडीएमए, गैस सिलेंडर, हीट गन, स्टोव एवं अन्य ड्रग निर्माण सहित 24 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जब्‍त की है।


अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का प्रमुख संचालक गिरफ्तार 

इस कार्रवाई में मुख्य सरगना जमशेद खान उर्फ “जमशेद लाला” उर्फ “जमशेद सेठ” को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जमशेद लाला एक अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का प्रमुख संचालक है, जिसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। यह भी पता चला है कि ड्रग निर्माण के लिए रसायनों की आपूर्ति राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र से की जा रही थी और घटना से पूर्व बड़ी मात्रा में एमडी की सप्लाई भी की जा चुकी थी।


करीब 50 लाख रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स जब्‍त

इसी प्रकार 29 मार्च को पुलिस चौकी माननखेड़ा थाना रिंगनोद द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर फोरलेन रोड पर घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप वाहन से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत लगभग 50 लाख रुपये) जब्‍त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) भी जप्त किया गया। इस प्रकार पुलिस ने लगभग 55 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है।


एक लाख रुपए की कीमत के 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी पकड़ा 

एक अन्‍य कार्रवाई में थाना रिंगनोद पुलिस की ओर से 100 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 1 लाख रुपए) के साथ एक आरोपी को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी से कुल 1 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति  जब्त की गई।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें