
नर्मदापुरम। मां नर्मदा के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश लेकर शनिवार को विवेकानंद घाट से नमामि देवी नर्मदे संस्कार कांवड़ यात्रा निकली। हजारों कावड़ियों ने नर्मदे हर से हर-हर महादेव तक की गूंज के बीच जल व पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने भी कांवड़ उठाकर अनूठी पहल की अगुवाई की।
कांवड़ यात्रा का समापन काले महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ को नर्मदा जल अर्पित करने के साथ हुआ। यात्रा की सबसे खास बात कांवड़ में नर्मदा जल के लोटे के साथ पौधा रखना रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल अर्पित करने के साथ पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के तहत 5000 पौधों के रोपण की योजना भी बनाई गई है। यात्रा मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश को मजबूत करते हुए नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्वयं कांवड़ उठाकर यात्रा में सहभागिता की। उन्होंने पूरी यात्रा पैदल तय की और कांवड़ में नर्मदा जल के साथ पौधा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यात्रा के समापन पर काले महादेव मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।
वृक्ष मानव जीवन का प्रत्यक्ष आधार
दादा गुरु महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य स्थान प्राप्त है और वृक्ष मानव जीवन का प्रत्यक्ष आधार हैं। कांवड़ में एक ओर नर्मदा जल और दूसरी ओर पौधा रखना जल तथा प्रकृति के संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने नर्मदा तट पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति से मां नर्मदा को स्वच्छ और सुरक्षित रखने तथा तट के प्राकृतिक पारिस्थितिक तंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
आस्था और प्रकृति संरक्षण को जोड़ने वाली पहल
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था और प्रकृति संरक्षण को जोड़ने वाली पहल है। भगवान शिव को जल अर्पित करने के साथ वृक्षारोपण का संकल्प पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
- शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा
संस्कार कांवड़ यात्रा विवेकानंद घाट से प्रारंभ होकर नेहरू पार्क, सत रास्ता, अमर चौक, जय स्तंभ चौक, हलवाई चौक, सराफा और सेठानी घाट होते हुए काले महादेव मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में ‘नर्मदे हर’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल रहा और धार्मिक आस्था के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लगातार गूंजता रहा।
यात्रा में इनकी भी रही मौजूदगी
यात्रा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नरोलिया, विधायक विजयपाल सिंह, मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

