
भोपाल। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र में हुए निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों में वृद्धि की जानकारी दी और एमएसई- सीडीपी की लंबित राशि जारी करने व नए प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया।
मध्यप्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र के विस्तार और रोजगार सृजन को लेकर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री मांझी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही लंबित मामलों के जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रदेश में एमएसएमई इकाइयों को दी जा रही प्रोत्साहन राशि की भी प्रशंसा की। मंत्री चैतन्य काश्यप के मुताबिक केंद्रीय मंत्री के साथ चर्चा सकारात्मक रही। उन्होंने सभी लंबित मामलों के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
100 करोड़ से अधिक बजट वाले राज्यों में मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर
मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि रैंप योजना के तहत मध्यप्रदेश के लिए 150.51 करोड़ रुपये की स्वीकृत हुई है। इसके सभी 12 घटकों पर काम शुरू हो चुका है। केंद्रीय राशि के व्यय में मध्यप्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर छठवें और 100 करोड़ रुपये से अधिक बजट वाले राज्यों में दूसरे स्थान पर है। वहीं, एमएसई- सीडीपी के तहत स्वीकृत 11 क्लस्टरों में से चार पूरे हो चुके हैं, जबकि सात पर काम जारी है। अलीराजपुर में सीएफसी भवन का 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।
15 परियोजनाओं के लिए 78.84 करोड़ के प्रस्ताव
एमएसई- सीडीपी के तहत हाल ही में स्वीकृत 15 परियोजनाओं में से 10 के लिए 7,884.40 लाख रुपये के केंद्रीय अंश के प्रस्ताव पोर्टल पर भेजे गए हैं, जबकि पांच परियोजनाओं के प्रस्ताव SIDBI में लंबित हैं। मंत्री काश्यप ने केंद्रीय मंत्री से योजना के तहत 2,250.50 लाख रुपये की शेष राशि जारी कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया। साथ ही नए प्रस्तावों की स्वीकृति और मूल्यांकन निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की मांग भी रखी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

