
भोपाल। अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने बुधवार को राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के 16 नवनियुक्त अधिकारियों को राजीव गांधी सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसमें 8 सहायक कार्यपालन अधिकारी और 8 क्षेत्राधिकारी शामिल हैं।
मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। नवनियुक्त अधिकारी शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। उन्हें शिक्षा, कौशल उन्नयन, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
मंत्री ने चयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का पुनीत दायित्व है। सभी अधिकारी अपने पदीय कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें। कार्यक्रम में निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, अनुसूचित जाति कल्याण आयुक्त सत्येन्द्र सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

