
भोपाल की गलियों में इस बार चोरों ने ऐसा दिमाग लगाया कि लोग भी हैरान रह गए। एयरपोर्ट रोड की पॉश कॉलोनी सूरज नगर में बदमाशों ने घर के बाहर बंधे कुत्तों को मीट खिलाकर शांत कर दिया और फिर सीनियर वकील के सूने मकान से करीब 18 लाख रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
सूना मकान बना चोरों का आसान निशाना
घटना 25 और 26 दिसंबर की दरम्यानी रात की है। जानकारी के मुताबिक, सूरज नगर इलाके में रहने वाले सीनियर वकील इलाज के सिलसिले में परिवार के साथ इंदौर गए हुए थे। घर कई दिनों से बंद था, जिसका फायदा बदमाशों ने उठाया। रात करीब 1.15 बजे इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता दिखाई देता है। घर के बाहर बंधे दो कुत्तों ने उसे देखकर भौंकना शुरू किया, लेकिन बदमाश ने जेब से मीट के टुकड़े निकाले और उन्हें डाल दिए। कुत्ते चुपचाप खाने में लग गए और यहीं से चोरों की पूरी योजना शुरू हो गई।
पूरी प्लानिंग के साथ दिया वारदात को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला है कि बदमाश सिर्फ एक-दो मिनट नहीं बल्कि करीब दो घंटे तक इलाके की रेकी करते रहे। इस दौरान वे बार-बार कुत्तों को कुछ न कुछ खाने के लिए देते रहे ताकि वे सतर्क न हों।
करीब 3.13 बजे चोरों ने दीवार फांदकर घर में एंट्री की। महज चार मिनट बाद यानी 3.17 बजे उन्होंने घर का मुख्य ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। घर में घुसते ही उन्होंने अलमारियां खंगालनी शुरू कर दीं। करीब 20 से 25 मिनट के भीतर बदमाशों ने सोने-चांदी के गहने और नकदी समेत करीब 18 लाख रुपये का माल समेट लिया। इसके बाद रात करीब 3.39 बजे वे सारा सामान घर के बाहर खड़े एक लोडर वाहन में भरकर मौके से फरार हो गए।
लौटकर आए परिवार के उड़ गए होश
जब वकील और उनका परिवार इंदौर से वापस भोपाल लौटा तो उन्हें घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ नजर आया। अंदर घुसते ही पूरे घर में सामान बिखरा हुआ था और अलमारियां खुली पड़ी थीं। तुरंत इसकी सूचना कोहेफिजा थाने में दी गई। परिवार का कहना है कि घर से कीमती जेवरात, नकदी और कई जरूरी दस्तावेज गायब हैं। शुरुआती अनुमान में चोरी की रकम करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
सीसीटीवी के सहारे चोरों तक पहुंचने की कोशिश
कोहेफिजा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र के मुताबिक, इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि चोरों ने इलाके की पहले से रेकी की थी और उन्हें पता था कि घर में कुत्ते बंधे हैं, इसलिए मीट लेकर आए थे। इस पूरी वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों में डर, पुलिस ने दी सतर्क रहने की सलाह
इस घटना के बाद सूरज नगर और आसपास की कॉलोनियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अपने-अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर छोड़कर बाहर जाते समय पड़ोसियों को जरूर जानकारी दें, सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

