
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर राजधानी भोपाल में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। प्रदेश के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान को गदा भेंट की और प्रधानमंत्री के कार्यकाल को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
"देश तोड़ने वाली ताकतों पर यह गदा हमेशा चलता रहे"
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि यह गदा उन ताकतों के खिलाफ प्रतीक है, जो देश को तोड़ने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी शक्तियों पर यह गदा हमेशा चलती रहे, यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंदिरों में पूजा-अर्चना और अनुष्ठान कर रहे हैं।
"देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री"
मंत्री सारंग ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे हैं और उनके नेतृत्व में भारत ने विकास और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री ने विकास और जनकल्याण को राजनीति के केंद्र में रखा तथा समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया।
महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए योजनाओं का किया जिक्र
सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर और गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता दी। उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, जनधन योजना, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कोविड काल में वैक्सीन अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से देश में सामाजिक और आर्थिक बदलाव आया।
राम मंदिर और अनुच्छेद 370 का भी किया उल्लेख
मंत्री सारंग ने अपने संबोधन में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे फैसलों का भी जिक्र किया। उनके अनुसार इन निर्णयों ने देश की एकता, सांस्कृतिक विरासत और सुशासन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और देश विकास के नए दौर की ओर अग्रसर हुआ है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

