
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह भोपाल पहुंचे। यहां संघ की संगठनात्मक बैठक और जैन मुनि समय सागर से मुलाकात के बाद वे इंदौर में संघ के शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में शाम 4:30 बजे से ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ आयोजित होगा। आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में करीब एक लाख स्वयंसेवकों के पहुंचने का अनुमान है।
समिधा में संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक
भोपाल पहुंचने पर मोहन भागवत का स्वागत स्वप्निल कुलकर्णी, संघ के प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता और कैलाश लोवंशी ने किया। इसके बाद भागवत समिधा पहुंचे, जहां संघ के अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक निर्धारित है।
भोपाल प्रवास के दौरान जैन मुनि समय सागर से मुलाकात भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। यह मुलाकात एमपी नगर के पास स्थित उनके चातुर्मास स्थल पर दोपहर 2:45 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच प्रस्तावित है।
इंदौर में शताब्दी वर्ष का समापन समारोह
भोपाल में निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद भागवत इंदौर के लिए रवाना होंगे। वहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ कार्यक्रम में उनकी भागीदारी होगी।
यह आयोजन मालवा प्रांत के इंदौर विभाग की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम में संघ के प्रमुख राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा इंदौर महानगर और महू ग्रामीण क्षेत्र के सक्रिय स्वयंसेवक भी शामिल होंगे।
राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश
आयोजकों ने कार्यक्रम में करीब एक लाख स्वयंसेवकों की भागीदारी का अनुमान जताया है। इसमें समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के भी शामिल होने की योजना है।
आयोजन का उद्देश्य स्वयंसेवकों और समाज के लोगों को राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय रहने का संदेश देना है। संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर सालभर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ इसी शृंखला का समापन आयोजन है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

