
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। भाजपा के ऐसे मुख्यमंत्रियों में, जिन्होंने पहली बार इस पद की जिम्मेदारी संभाली, उनका लगातार कार्यकाल अब तक सबसे लंबा हो गया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा का 33 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। 13 दिसंबर 2026 को डॉ. यादव मुख्यमंत्री के रूप में अपने तीन साल पूरे करेंगे।
पटवा से आगे निकले मोहन यादव, जानिए कितना रहा कार्यकाल
14 नवंबर 2026 तक डॉ. मोहन यादव करीब 2 साल 11 महीने से लगातार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले भाजपा के पहली बार मुख्यमंत्री बने नेताओं में सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल का रिकॉर्ड सुंदरलाल पटवा के पास था। पटवा ने 5 मार्च 1990 को मुख्यमंत्री पद संभाला था। वह 15 दिसंबर 1992 तक इस जिम्मेदारी पर रहे। उनका लगातार कार्यकाल 2 साल 9 महीने 10 दिन का था, जिसे अब डॉ. यादव पार कर चुके हैं।
1990 में बहुमत के बाद बनी थी पटवा सरकार
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 1990 में भाजपा ने बहुमत हासिल किया था। इसके बाद सुंदरलाल पटवा को मुख्यमंत्री बनाया गया। उनकी सरकार का कार्यकाल दिसंबर 1992 में समाप्त हो गया। 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने के बाद केंद्र सरकार ने पटवा सरकार को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद 15 दिसंबर 1992 को मध्य प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू हुआ।
163 सीटों की जीत के बाद मोहन यादव बने थे मुख्यमंत्री
डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इससे पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की कुल 230 सीटों में से 163 सीटों पर जीत दर्ज की थी। चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें डॉ. यादव को नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद संभाला और तब से लगातार इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।
कुल मुख्यमंत्री कार्यकाल में शिवराज सिंह चौहान का रिकॉर्ड कायम
मोहन यादव का नया कीर्तिमान लगातार मुख्यमंत्री बने रहने से संबंधित है। भाजपा के मुख्यमंत्रियों के कुल कार्यकाल की बात करें तो शिवराज सिंह चौहान अभी भी सबसे आगे हैं। शिवराज सिंह चौहान अलग-अलग कार्यकाल मिलाकर 16 साल 283 दिन तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। इस लिहाज से उनका रिकॉर्ड बरकरार है। डॉ. मोहन यादव का रिकॉर्ड खास तौर पर उन भाजपा नेताओं के बीच है, जिन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पद संभाला और चुनाव के बाद लगातार इस जिम्मेदारी पर बने रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

