
भोपाल। देवास जिले में संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के ग्राम पंचायत मोरूखेड़ी ने प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनभागीदारी से पंचायत क्षेत्र की पहाड़ी पर 350 कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य किया गया है। इन ट्रेंचों के माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 13 लाख लीटर वर्षा जल का संचयन किया जा सकेगा।
देवास जिले के ग्राम पंचायतों में विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत मोरूखेड़ी में एक हेक्टेयर क्षेत्र में 350 कंटूर ट्रेंच बनाई गई है। इसके अलावा ग्राम पंचायत में 03 पेरकोलेशन टैंक, 02 डगवेल, 05 रूफ वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं, 01 बोरिंग रिचार्ज एवं 02 चेक डेम का निर्माण भी किया गया है। इन संरचनाओं से लगभग 07 लाख लीटर जल का अतिरिक्त संचयन होगा।
‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत बनाई जा रही इन संरचनाओं से वर्षा जल रुकने के साथ ही भू-जल स्तर में वृद्धि होगी। इससे क्षेत्र के आसपास के कुएं और बोरिंग पुनर्जीवित होंगे। ग्रामीणों को भविष्य में पेयजल और सिंचाई की समस्या से स्थायी राहत मिलने की संभावना है। ग्राम पंचायत मोरूखेड़ी की इस पहल को जल संरक्षण और जनसहभागिता के एक उत्कृष्ट उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

