
भोपाल। आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में शनिवार को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के 33 शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि बच्चे विकसित भारत के कर्णधार हैं और शिक्षक इन कर्णधारों के शिल्पकार बनें।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि शिक्षक बच्चों की बुद्धि, क्षमता और अपेक्षाओं को समझते हुए आत्मीयता, धैर्य और सहनशीलता के साथ उनका मार्गदर्शन करें। वे स्वयं ज्ञान और नैतिक गुणों के आदर्श बनकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करें। समारोह में राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और 25 हजार रुपए की नगद सम्मान राशि प्रदान की गई।
शिक्षा में निरंतर अपडेशन, अपग्रेडेशन और इनोवेशन जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि आज शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रह सकती। बदलती वैश्विक जरूरतों और रोजगार के अवसरों के अनुरूप शिक्षा में निरंतर अपडेशन, अपग्रेडेशन और इनोवेशन जरूरी है। भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार विषय चुनने का अवसर दिया जाना चाहिए। शिक्षक अब केवल पाठ पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानने और उन्हें सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक की भूमिका निभाएं। शिक्षक भारत को ज्ञान की महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ कार्य करें। विद्यार्थियों में ईमानदारी, सहनशीलता और जुझारूपन जैसे गुण विकसित करना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
शिक्षकों के लिए ऑफलाइन टीईटी कराने का प्रयास: डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अनुपम धरोहर है। देश का नक्शा कागज पर बनता है, लेकिन उसकी किस्मत कक्षाओं में शिक्षक बनाते हैं। शिक्षक तब सबसे अधिक गौरवान्वित होता है, जब उसका शिष्य उससे आगे बढ़ता है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की, कि प्रदेश के जिन वरिष्ठ शिक्षकों को टीईटी परीक्षा देनी है और जिन्हें आवश्यकता है, उनके लिए ऑफलाइन टीईटी परीक्षा आयोजित कराने के प्रयास और प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की बेहतरी और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षक देश की शिक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी: उदय प्रताप सिंह
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक देश की शिक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। समारोह में मंत्री कुंवर विजय शाह, मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, सम्मानित शिक्षक और उनके परिजन मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

