मंगलवार, 28 अप्रैल 2026
Logo
Madhaya Pradesh

5वीं 8वीं पुन: परीक्षा: 1-6 जून तारीख तय, गर्मी में बच्चों के लिए खास इंतजाम, एडमिट कार्ड ऐसे मिलेंगे

28 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
5वीं 8वीं पुन: परीक्षा: 1-6 जून तारीख तय, गर्मी में बच्चों के लिए खास इंतजाम, एडमिट कार्ड ऐसे मिलेंगे
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्यप्रदेश में 5वीं और 8वीं के छात्रों के लिए बड़ी अपडेट आ गई है। 1 से 6 जून 2026 के बीच पुन: परीक्षा होगी, जिसमें फेल और अनुपस्थित छात्र शामिल होंगे। इस बार सबसे खास बात है—भीषण गर्मी को देखते हुए सुरक्षा के सख्त इंतजाम।


1 से 6 जून के बीच होगी परीक्षा

राज्य शिक्षा केन्द्र (RSK) के अनुसार, पुन: परीक्षा 1 जून से 6 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी शासकीय, मान्यता प्राप्त निजी स्कूल, अनुदान प्राप्त संस्थान और पंजीकृत मदरसों के छात्र शामिल होंगे, जो मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित रहे थे।


एडमिट कार्ड ऐसे होंगे डाउनलोड

परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के प्रवेश पत्र RSK के पोर्टल (rskmp.in) से डाउनलोड किए जाएंगे। यह सुविधा शाला प्रमुख, जनशिक्षा केन्द्र प्रभारी, बीआरसीसी और डीपीसी के लॉगिन के जरिए उपलब्ध रहेगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि 25 मई तक हर छात्र को एडमिट कार्ड मिल जाए।


परीक्षा से पहले होगी अतिरिक्त पढ़ाई

RSK के संचालक हरजिंदर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा से पहले छात्रों के लिए विषयवार अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित की जाएं। जिन छात्रों के अंक 7 से कम हैं या जिन्होंने प्रोजेक्ट कार्य पूरा नहीं किया है, उन्हें पहले प्रोजेक्ट पूरा करवाकर उसका मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद ही अंक पोर्टल पर दर्ज होंगे।


परीक्षा केन्द्रों की खास व्यवस्था

पुन: परीक्षा के केन्द्र केवल जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर बनाए जाएंगे। यदि किसी केन्द्र पर 500 से ज्यादा छात्र होते हैं, तो अतिरिक्त केन्द्र बनाने की अनुमति ली जाएगी। सभी स्कूलों की मैपिंग 15 मई तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा व्यवस्था सुचारू रहे।


केन्द्र पर ही प्रिंट होंगे प्रश्नपत्र

इस बार प्रश्नपत्र सीधे परीक्षा केन्द्र पर ही प्रिंट किए जाएंगे। इसके लिए हर केन्द्र पर

- कम से कम 2 कंप्यूटर/लैपटॉप

- 2 प्रिंटर

- इंटरनेट, पेपर और टोनर

और निर्बाध बिजली की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।


इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी जिला परियोजना समन्वयक को दी गई है, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।


छात्रों की जिम्मेदारी स्कूलों पर

RSK ने साफ कहा है कि हर पात्र छात्र की उपस्थिति सुनिश्चित करना स्कूल की जिम्मेदारी होगी। शाला प्रमुख और शिक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी छात्र परीक्षा से वंचित न रह जाए और समय पर केन्द्र तक पहुंचे।


गर्मी से बचाव के लिए सख्त इंतजाम

भीषण गर्मी को देखते हुए इस बार सुरक्षा पर विशेष फोकस रखा गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर ठंडा पेयजल, नियमित पानी पिलाने की व्यवस्था, ओआरएस, पंखे और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं अनिवार्य की गई हैं। साथ ही यदि किसी छात्र को लू या डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखते हैं, तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें