
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन काफी अहम माना जा रहा है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा आज सदन में मौजूदा वित्तीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट पेश करने वाले हैं। माना जा रहा है कि यह बजट करीब 20 हजार करोड़ रुपए का हो सकता है। इसके साथ ही सरकार आर्थिक सर्वेक्षण भी सदन के पटल पर रखेगी, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति की तस्वीर सामने आएगी।
अनुपूरक बजट और आर्थिक सर्वेक्षण पर सबकी नजर
आज पेश होने वाला अनुपूरक बजट कई विभागों के अतिरिक्त खर्च और योजनाओं के लिए अहम माना जा रहा है। सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण से विकास दर, निवेश और सरकारी योजनाओं के आंकड़ों पर चर्चा तेज होने की संभावना है। सत्ता पक्ष इसे विकास का रोडमैप बता रहा है, जबकि विपक्ष सवाल उठाने की तैयारी में है।
विधानसभा के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर के बाहर कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में विधायक इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर गंदे पानी की बोतलें लेकर गांधी प्रतिमा के सामने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
राज्यपाल के अभिभाषण पर आज चर्चा
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण पर आज सदन में विस्तृत चर्चा होगी। सोमवार को अभिभाषण के दौरान विपक्षी विधायकों ने इंदौर में दूषित पानी से मौत और छिंदवाड़ा में जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौत का मुद्दा उठाते हुए जोरदार हंगामा किया था।
हंगामे के बीच अधूरा रहा अभिभाषण
विपक्ष के विरोध के कारण राज्यपाल अपना पूरा अभिभाषण पढ़े बिना ही सदन से रवाना हो गए थे। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार अभिभाषण को पढ़ा हुआ माना जाएगा और उसकी प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। अब आज की चर्चा में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

