
भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी ने संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब पार्टी में किसे कब, कहां और किस बैठक में शामिल होना है, इसकी पूरी मासिक टाइमलाइन तय कर दी गई है। इससे मंत्री, नेता और बूथ कार्यकर्ता तक सभी तय सिस्टम में काम करेंगे।
पहली बार बूथ से प्रदेश तक फिक्स हुआ कैलेंडर
बीजेपी के इतिहास में पहली बार बैठकों और प्रवास का ऐसा सख्त कैलेंडर बनाया गया है। अब प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक हर स्तर पर जिम्मेदारियां तारीखवार तय रहेंगी। संगठन इसे अनुशासन और सक्रियता बढ़ाने वाला मॉडल मान रहा है।
शुरुआत में मैदान में उतरेंगे प्रदेश अध्यक्ष
नई व्यवस्था लागू होते ही प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वरिष्ठ नेताओं के साथ 10 दिन तक मैदानी दौरों पर रहेंगे। इन दौरों का मुख्य फोकस जिला स्तरीय बैठकों पर रहेगा। संदेश साफ है कि शुरुआत ऊपर से होगी, असर नीचे तक जाएगा।
1 से 7 तारीख: मंडल स्तर पर फोकस
हर महीने के पहले सप्ताह यानी 1 से 7 तारीख के बीच मंडल बैठकों का दौर चलेगा। इसमें जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी। मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और वार्ड संयोजकों के साथ संगठनात्मक तालमेल पर काम होगा।
7 से 10 तारीख: जिला मुख्यालय बनेगा केंद्र
दूसरे चरण में 7 से 10 तारीख के बीच जिला स्तरीय बैठकें होंगी। इन बैठकों में संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। यहां स्थानीय योजनाओं की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
11 से 20 तारीख: मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष दौरे पर
पार्टी ने तय किया है कि 11 से 20 तारीख के बीच अलग-अलग मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष संभागीय दौरों पर रहेंगे। खास बात यह है कि सभी नेता एक जगह नहीं रहेंगे, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर कामकाज की समीक्षा करेंगे। इससे रिपोर्टिंग सीधी होगी।
15 से 20 तारीख: प्रदेश स्तरीय हाई लेवल बैठकें
महीने के तीसरे सप्ताह में 15 से 20 तारीख के बीच प्रदेश स्तर की अहम बैठकें होंगी। इनमें प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी और जिला प्रभारी शामिल होंगे। संगठन की बड़ी रणनीति और सरकार से समन्वय यहीं तय होगा।
21 से 25 तारीख: शक्ति केंद्र और बूथ पर जोर
चौथे सप्ताह में फोकस जमीनी इकाइयों पर रहेगा। 21 से 25 तारीख के बीच मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ अध्यक्षों की बैठकें होंगी। यहां ‘मन की बात’ कार्यक्रम और बूथ समिति का एजेंडा भी तय किया जाएगा।
महीने के आखिर में होगी टिफिन बैठक
कार्यकर्ताओं के बीच मेल-जोल बढ़ाने के लिए पार्टी ने टिफिन बैठक की नई पहल भी शुरू की है। 23 से 30 तारीख के बीच शक्ति केंद्र बैठकों के बाद यह आयोजन होगा। इसमें कार्यकर्ता साथ बैठेंगे, चर्चा करेंगे और स्थानीय रणनीति बनाएंगे।
बूथ स्तर तक संदेश साफ
महीने के अंतिम रविवार को बूथ स्तर पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना जाएगा। इसमें 11 सदस्यीय बूथ टोली, वरिष्ठ कार्यकर्ता और प्रमुख मतदाता भी शामिल होंगे। साफ है कि बीजेपी अब संगठन को चुनावी मोड में लगातार सक्रिय रखना चाहती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

