
भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा में जिला और मंडल स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर नए सिरे से समीक्षा शुरू हो गई है। काम में लापरवाही करने वाले पदाधिकारियों को हटाकर सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका देने की तैयारी है। भोपाल में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने जिला और संभागीय प्रभारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। साथ ही संगठन की बैठकों का नया क्रम और दिसंबर में शुरू होने वाले सेवा दूत अभियान की रूपरेखा भी तय की गई।
हर महीने जिलों में पहुंचेंगे संगठन के प्रभारी
भाजपा संगठन को मिल रही शिकायतों में कुछ ऐसे पदाधिकारियों का जिक्र है, जिन्हें सांसदों और विधायकों की नजदीकी के चलते जिम्मेदारी मिली, लेकिन वे अपेक्षित संगठनात्मक काम नहीं कर रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने इस स्थिति को समीक्षा का विषय बनाया है। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी विह्रश्वलव देव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश पदाधिकारियों, संभागीय प्रभारियों, जिला प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की। शिव प्रकाश ने निर्देश दिया कि संभागीय और जिला प्रभारी हर महीने अपने निर्धारित क्षेत्रों का दौरा करें। जिला इकाई या मंडल में निष्क्रियता मिलने पर संबंधित पदाधिकारी से जिला अध्यक्ष और प्रभारी दोनों बातचीत करें।
जिम्मेदारी बदलने से पहले प्रदेश संगठन को देनी होगी रिपोर्ट
संगठन में सुधार के लिए पहले संबंधित पदाधिकारी को कामकाज बेहतर करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद भी सक्रियता नहीं आने पर उसे पद से हटाकर जिम्मेदारी किसी सक्रिय कार्यकर्ता को दी जा सकती है। इस प्रक्रिया में जिला और संभागीय प्रभारियों को सीधे बदलाव करने के बजाय पहले प्रदेश संगठन को रिपोर्ट सौंपनी होगी। शिव प्रकाश ने संगठन की मजबूती के लिए निचली इकाइयों की सक्रियता को जरूरी बताया। बैठक में संगठनात्मक बैठकों का क्रम भी निर्धारित किया गया। अब पहले प्रदेश स्तर पर बैठक होगी, इसके बाद जिला और फिर मंडल स्तर पर संगठन की समीक्षा की जाएगी।
नेताओं की पसंद से पद पाने वालों के कामकाज की भी समीक्षा
बैठक में यह विषय भी सामने आया कि राजनीतिक संपर्क और जनप्रतिनिधियों की पसंद के आधार पर कुछ लोगों को संगठन में पद मिल जाते हैं। लेकिन जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी कार्यशैली में अपेक्षित सक्रियता नहीं रहती। संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि पद पर बने रहना ही पर्याप्त नहीं है। संगठन के काम में योगदान नहीं देने वाले पदाधिकारियों की जगह मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर जोर रहेगा।
1 दिसंबर से 25 दिनों तक चलेगा सेवा दूत अभियान
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर के अवसर पर भाजपा 1 दिसंबर से सेवा दूत अभियान शुरू करेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 25 दिनों के लिए विस्तारक तैनात किए जाएंगे।
इस अभियान की प्रमुख व्यवस्थाएं इस प्रकार रहेंगी:
- एक जिले के कार्यकर्ताओं को दूसरे जिले में संगठन की जिम्मेदारी दी जाएगी।
- विस्तारक प्रत्येक मंडल में चार-चार दिन बिताएंगे।
- वार्ड से बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाएगा।
- विस्तारकों के साथ एक स्थानीय कार्यकर्ता भी पूरे समय रहेगा।
अभियान के जरिए संगठन की जमीनी गतिविधियों को गति देने के साथ केंद्र की मोदी सरकार और मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। विस्तारकों को अभियान के लिए तैयार करने के उद्देश्य से 26 और 27 नवंबर को प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होगा।
लंबित नियुक्तियों पर दो से तीन दिन में फैसला लेने की तैयारी
बैठक में संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने जिला अध्यक्षों और प्रभारियों से रिक्त एवं लंबित संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। उनका कहना था कि निर्णय टालने से मौजूदा परिस्थितियां अपने आप नहीं बदलेंगी। आठ दिन या आठ महीने बाद भी वही स्थिति रह सकती है, इसलिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना चाहिए।
संभागीय स्तर पर हुई बैठकों में भी नियुक्तियों की स्थिति पर चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को अगले दो से तीन दिनों में नियुक्तियों की घोषणा करने के निर्देश मिले हैं। प्रदेश संगठन की इस बैठक के बाद जिला और मंडल स्तर पर पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा के साथ नई नियुक्तियों की प्रक्रिया को गति देने की तैयारी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

