
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा 26 अक्टूबर को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में सोशल मीडिया विभाग की कार्यशाला आयोजित करेगी। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब सहित संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कार्यशाला में प्रदेश से जिला स्तर तक के सोशल मीडिया पदाधिकारियों को डिजिटल अभियानों, पार्टी की विचारधारा के प्रसार और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। शाम को इसी कार्यालय में युवा सोशल मीडिया प्रतिभागियों और इन्फ्लुएंसर्स के लिए भजन जैमिंग कार्यक्रम भी रखा गया है।
प्रदेश से जिला स्तर तक के पदाधिकारी होंगे शामिल
भाजपा की इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा संभाग प्रभारियों, सह प्रभारियों, जिला संयोजकों और सह संयोजकों की भागीदारी रहेगी। संगठन की डिजिटल गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने और सोशल मीडिया के जरिए पार्टी की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के साथ प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब देब भी संबोधित करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के और राष्ट्रीय सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी भी अपने विचार रखेंगे।
संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने पर जोर
सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी के अनुसार, इस आयोजन का मकसद विभाग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप जिम्मेदारियां निभाने के लिए दिशा-निर्देश देना है।
बैठक में डिजिटल अभियानों की भूमिका और संगठन के ऑनलाइन नेटवर्क को मजबूत करने से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी। इसके जरिए प्रदेश से लेकर जिलों तक काम करने वाली टीम को सोशल मीडिया गतिविधियों के संचालन के बारे में मार्गदर्शन मिलेगा।
शाम 7 बजे होगा भजन जैमिंग कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश कार्यालय में 26 अक्टूबर की शाम 7 बजे भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा। इसमें सोशल मीडिया से जुड़े युवा और इन्फ्लुएंसर्स हिस्सा लेंगे।
पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों की भागीदारी बढ़ाना भी इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण पहलू है। कार्यशाला और शाम के कार्यक्रम के जरिए पार्टी पदाधिकारियों के साथ सोशल मीडिया से जुड़े प्रतिभागियों को एक ही दिन में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

