
भोपाल। मध्य प्रदेश बोर्ड के लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से चल रहा है और अब तक करीब 70 प्रतिशत कॉपियों की जांच पूरी कर ली गई है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट जारी किया जा सकता है।
23 मार्च से शुरू होगा मूल्यांकन का अंतिम चरण
माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) भोपाल के अधिकारियों के अनुसार कॉपी जांच का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 23 मार्च से मूल्यांकन का चौथा और अंतिम चरण शुरू किया जाएगा। यदि इसी गति से काम जारी रहा तो अप्रैल के पहले सप्ताह तक रिजल्ट तैयार कर लिया जाएगा। बोर्ड से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि 14 अप्रैल के आसपास परिणाम घोषित होने की संभावना है।
16 लाख छात्रों की 90 लाख कॉपियां जांच में
इस साल प्रदेश भर में लगभग 16 लाख विद्यार्थियों ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की बोर्ड परीक्षाएं दी हैं। इन छात्रों की करीब 90 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। इतने बड़े काम को समय पर पूरा करने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में करीब 18 हजार शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य में लगाया गया है। ज्यादातर जिलों में कॉपी जांच का काम तेज रफ्तार से चल रहा है।
कुछ जिलों में कॉपी जांच की गति धीमी
हालांकि कुछ जिलों में मूल्यांकन की रफ्तार अपेक्षाकृत कम बताई जा रही है। इन जिलों में शामिल हैं: आगर मालवा, नर्मदापुरम, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, भिंड, मुरैना, आगर मालवा और नर्मदापुरम में अब तक लगभग 40 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं की ही जांच हो पाई है। इसे देखते हुए बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जल्दी रिजल्ट जारी करने के पीछे वजह
माशिमं इस बार रिजल्ट जल्दी घोषित करने की तैयारी कर रहा है। इसका मुख्य कारण विद्यार्थियों को दूसरी परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देना है। दरअसल बोर्ड की दूसरी परीक्षा 7 मई से प्रस्तावित है। पिछले साल यह परीक्षा जुलाई में आयोजित हुई थी, लेकिन इस बार शेड्यूल पहले रखा गया है।
दूसरी परीक्षा की तैयारी के लिए मिलेगा समय
यदि बोर्ड 14 या 15 अप्रैल तक रिजल्ट घोषित कर देता है, तो अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों, पूरक परीक्षा देने वाले छात्र और श्रेणी सुधार (Improvement) की तैयारी कर रहे छात्र इन सभी को तैयारी के लिए करीब 20 दिन का समय मिल सकेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

