शनिवार, 18 अप्रैल 2026
Logo
Madhaya Pradesh

एमपी बोर्ड: सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- 10वीं-12वीं के अनुपस्थित, अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को परीक्षा देने का मिलेगा एक और मौका, अंक भी सुधार सकेंगे

18 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
एमपी बोर्ड: सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- 10वीं-12वीं के अनुपस्थित, अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को परीक्षा देने का मिलेगा एक और मौका, अंक भी सुधार सकेंगे
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में अनुपस्थित, अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को परीक्षा देने का एक और मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक अंक सुधारने के इच्छुक विद्यार्थी भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। विद्यार्थियों को निराश होने की जरूरत नहीं है, सरकार उनके साथ खड़ी है।


द्वितीय अवसर परीक्षा 7 से 25 मई तक आयोजित होगी। राज्य सरकार की ओर से विद्यार्थियों को पिछली बार से अधिक परिश्रम और बेहतर करने के लिए एक मौका और दिया गया है। अनुत्तीर्ण हुए बच्चों के माता-पिता को ऐसे मौके पर अपने बच्चे के साथ खड़े होने और उन्हें हौसला देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि आज की असफलता से निराश होने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। जीवन की राह में छोटी-मोटी असफलताएं हमें और अधिक मजबूत बनाने के लिए आती है। गिरकर संभलने वाला ही असली विजेता कहलाता है।


माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित की जा रही द्वितीय अवसर परीक्षा में ऐसे छात्र जो मंडल की प्रथम परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अनुपस्थित या अनुत्तीर्ण रहे हों, वह शामिल हो सकेंगे। ऐसे परीक्षार्थी जो किसी विषय में उत्तीर्ण हो गए हों, वे भी अंक सुधारने के लिए द्वितीय अवसर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। परीक्षार्थियों का प्रथम व द्वितीय अवसर में से जो भी श्रेष्ठ परिणाम होगा, वह अंतिम रूप से मान्य रहेगा। 


परीक्षार्थी को विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी

प्रायोगिक विषयों में किसी छात्र को प्रायोगिक और आंतरिक परीक्षा के केवल अनुत्तीर्ण भाग में शामिल होने की पात्रता होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में परीक्षार्थी को विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन 22 अप्रैल रात 12 बजे तक एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भरे जा सकते हैं।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें