
भोपाल। एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए यह खबर बेहद जरूरी है। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश (MPBSE) ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर ऐसे सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जो पहले कभी नहीं देखे गए। अब अगर किसी केंद्र पर सामूहिक नकल पाई जाती है, तो पूरे परीक्षा केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, नकल करने वाले छात्र और मदद करने वाले बाहरी व्यक्ति या स्कूल स्टाफ को भी जेल तक जाना पड़ सकता है।
सामूहिक नकल पर पूरा केंद्र होगा रद्द
बोर्ड ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल या संगठित तरीके से गड़बड़ी पाई गई, तो उस केंद्र की पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया जाएगा।
इसका सीधा मतलब है कि एक-दो छात्रों की गलती का खामियाजा पूरे केंद्र के विद्यार्थियों को भुगतना पड़ सकता है। इसलिए बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की गड़बड़ी से दूर रहें।
नकल पर 3 साल की जेल या 5 हजार का जुर्माना
एमपी बोर्ड की गाइडलाइन के मुताबिक – नकल करते पकड़े जाने पर 3 साल तक की जेल या 5 हजार रुपए का जुर्माना या दोनों सजा एक साथ भी हो सकती हैं। यही नहीं, अगर कोई बाहरी व्यक्ति, स्कूल से जुड़ा स्टाफ या कोई और व्यक्ति छात्रों की मदद करता पाया गया, तो उस पर भी 3 साल की जेल का प्रावधान लागू होगा। यानी इस बार बोर्ड ने नकल के पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है।
परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह बैन
MPBSE ने यह भी साफ कर दिया है कि परीक्षा केंद्र में किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण – मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, हेडफोन या किसी भी तरह का डिजिटल गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अगर कोई छात्र इन उपकरणों के साथ पकड़ा गया, तो उसे सीधे नकल की श्रेणी में माना जाएगा।
MP Board 10वीं का टाइम टेबल 2026
एमपी बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 13 फरवरी 2026 से 6 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय – सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
MP Board 12वीं का टाइम टेबल 2026
वहीं, 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 के बीच कराई जाएंगी। इनका समय भी – सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तय किया गया है।
छात्रों के लिए बोर्ड की खास अपील
एमपी बोर्ड ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ परीक्षा दें। किसी भी तरह की नकल, अफवाह या गलत साधनों से दूर रहें, क्योंकि इस बार गलती की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

