
भोपाल। मध्यप्रदेश के लाखों स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खबर है। एमपी बोर्ड ने साल 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का नया संशोधित टाइम टेबल जारी कर दिया है। अगर आप भी पुराने शेड्यूल के हिसाब से तैयारी कर रहे थे तो अब अलर्ट हो जाइए, क्योंकि हिंदी, उर्दू और मराठी जैसे कई अहम विषयों की तारीखें बदल दी गई हैं। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होने वाली इन परीक्षाओं को लेकर बोर्ड ने सभी स्कूलों को तुरंत जानकारी फैलाने के निर्देश दिए हैं।
12वीं बोर्ड परीक्षा 2026: 10 फरवरी से होगी शुरुआत
एमपी बोर्ड के नए टाइम टेबल के मुताबिक कक्षा 12वीं की परीक्षाएं अब 10 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। पहला पेपर अंग्रेजी का रखा गया है। इसके बाद 13 फरवरी को फिजिक्स, इकोनॉमिक्स और व्यावसायिक विषयों की परीक्षा होगी। 14 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी और संगीत, जबकि 16 फरवरी को संस्कृत का पेपर आयोजित किया जाएगा। इस बार बोर्ड ने विषयों के क्रम में बदलाव किया है, इसलिए छात्रों को सलाह दी जा रही है कि वे सिर्फ नए शेड्यूल के हिसाब से ही तैयारी करें।
18 से 27 फरवरी तक विज्ञान, वाणिज्य और कला के मुख्य विषय
संशोधित टाइम टेबल में 18 फरवरी को एलिमेंट ऑफ साइंस, अकाउंटेंसी, ड्रॉइंग-पेंटिंग और होम मैनेजमेंट के पेपर होंगे। 19 फरवरी को साइकोलॉजी, 20 फरवरी को फिजिकल एजुकेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जबकि 21 फरवरी को एग्रीकल्चर और अकाउंटेंसी की परीक्षाएं होंगी। इसके बाद 23 फरवरी को बायोलॉजी, 25 फरवरी को गणित, 26 फरवरी को पॉलिटिकल साइंस और 27 फरवरी को इनफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस की परीक्षा ली जाएगी। सबसे अहम बदलाव यह है कि पहले फरवरी में होने वाला हिंदी का पेपर अब 07 मार्च 2026 को होगा।
10वीं बोर्ड परीक्षा 2026: पहली परीक्षा 13 फरवरी को
कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। पहला पेपर उर्दू का रखा गया है। 14 फरवरी को NSQF और एआई, 17 फरवरी को अंग्रेजी और 19 फरवरी को संस्कृत की परीक्षा होगी। 20 फरवरी को मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी, कंप्यूटर, पेंटिंग और गायन-वादन विषयों की परीक्षाएं होंगी। गणित का पेपर 24 फरवरी, विज्ञान का 27 फरवरी और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 02 मार्च 2026 को होगी। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि हिंदी का पेपर जो पहले 11 फरवरी को होना था, अब 06 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा।
हिंदी, उर्दू और मराठी की बदली तारीखें, छात्रों को राहत
एमपी बोर्ड ने 12वीं के उर्दू और मराठी के पेपर, जो पहले 9 फरवरी को होने थे, उन्हें भी आगे बढ़ाकर 06 मार्च कर दिया है। वहीं 12वीं हिंदी अब 7 फरवरी की जगह 07 मार्च को होगी। इस बदलाव से खासकर उन छात्रों को राहत मिलेगी जिनके दो पेपर एक-दूसरे के बहुत करीब पड़ रहे थे। अब उन्हें तैयारी के लिए ज्यादा वक्त मिलेगा।
स्कूलों को सख्त निर्देश: तुरंत करें नई जानकारी का प्रचार
बोर्ड ने साफ कहा है कि सभी स्कूल अपने नोटिस बोर्ड, मॉर्निंग असेंबली और पैरेंट्स व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए इस नए टाइम टेबल की जानकारी तुरंत छात्रों तक पहुंचाएं। छात्र आधिकारिक वेबसाइट से भी पूरा शेड्यूल डाउनलोड कर सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

