
भोपाल। मध्य प्रदेश बोर्ड के उन छात्रों के लिए आज बड़ा दिन है, जो पहली परीक्षा में सफल नहीं हो सके या उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) ने ऐसे विद्यार्थियों को नया मौका देते हुए ‘द्वितीय परीक्षा’ की शुरुआत कर दी है। परीक्षा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्रों के नाम खास संदेश जारी किया और उन्हें हिम्मत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उनका संदेश भावनात्मक होने के साथ प्रेरणादायक भी रहा।
‘एक रिजल्ट पूरी जिंदगी तय नहीं करता’ : CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस साल एमपी बोर्ड की 12वीं का रिजल्ट पिछले 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा है। वहीं, 10वीं के नतीजों में भी सुधार देखने को मिला, लेकिन कुछ विद्यार्थी सफल नहीं हो सके। ऐसे छात्रों के लिए सरकार ने ‘द्वितीय परीक्षा’ का अवसर शुरू किया है। सीएम ने कहा कि एक परीक्षा का परिणाम किसी छात्र का पूरा भविष्य तय नहीं कर सकता। यह परीक्षा विद्यार्थियों के सपनों को दोबारा उड़ान देने का मौका है।
छात्रों को बताया प्रदेश का भविष्य
सीएम ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को प्रदेश की सबसे बड़ी उम्मीद बताया। उन्होंने कहा कि जब कोई छात्र अपने सपनों के लिए मेहनत करता है, तो उसके साथ परिवार, शिक्षक और पूरे समाज की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। उन्होंने माना कि कई बार परिस्थितियां अनुकूल नहीं होतीं और परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आते। ऐसे समय में निराशा होना स्वाभाविक है, लेकिन सपने कभी खत्म नहीं होते। सही मौके का इंतजार ही उन्हें नई दिशा देता है।
‘द्वितीय परीक्षा’ क्यों है खास?
सरकार के मुताबिक यह पहल सिर्फ सप्लीमेंट्री परीक्षा नहीं, बल्कि छात्रों को दोबारा खड़े होने का अवसर देने की कोशिश है। इसका उद्देश्य उन विद्यार्थियों को राहत देना है जो किसी वजह से परीक्षा में असफल रहे या परीक्षा नहीं दे सके थे। सीएम ने कहा कि यह मौका छात्रों को अपना आत्मविश्वास फिर से मजबूत करने और मेहनत साबित करने का अवसर देगा। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे फोकस और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने की अपील की।
अभिभावकों और शिक्षकों से भी खास अपील
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी बच्चों का मनोबल बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई बार सिर्फ एक भरोसे भरा शब्द ही छात्र को नई ऊर्जा दे सकता है। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी में क्षमता होती है, जरूरत सिर्फ उसे सही दिशा देने की है। यह परीक्षा केवल अंक सुधारने का नहीं, बल्कि आत्मविश्वास वापस पाने का भी मौका है।
आज से शुरू हुई 10वीं-12वीं की परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित 10वीं और की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 मई से शुरू हो चुकी हैं। परीक्षा को लेकर बोर्ड की ओर से आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। सीएम मोहन यादव ने अंत में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र सफलता हासिल कर अपने सपनों को पूरा करें और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

