
भोपाल। मध्य प्रदेश बोर्ड ने छात्रों के लिए एक बड़ा और राहत भरा बदलाव किया है। अब सिर्फ फेल होने पर ही नहीं, बल्कि अंक सुधारने के लिए भी दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
पूरक परीक्षा खत्म, नई ‘द्वितीय परीक्षा’ शुरू
माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश ने पारंपरिक पूरक परीक्षा प्रणाली को खत्म कर दिया है। अब इसकी जगह ‘द्वितीय परीक्षा’ लागू की गई है, जिसमें सभी छात्रों को बराबरी का मौका मिलेगा।
पास छात्र भी सुधार सकेंगे अपना रिजल्ट
नई व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यही है कि अब सिर्फ फेल छात्र ही नहीं, बल्कि पास छात्र भी परीक्षा दे सकेंगे। अगर किसी छात्र को अपने नंबर कम लगते हैं, तो वह उसी विषय में दोबारा परीक्षा देकर बेहतर स्कोर हासिल कर सकता है।
कब होगी परीक्षा?
बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार:
- 12वीं (हायर सेकेंडरी): 7 मई से 25 मई 2026
- 10वीं (हाईस्कूल): 7 मई से 19 मई 2026
सभी परीक्षाएं तय केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी
कौन सा रिजल्ट होगा मान्य?
बोर्ड ने साफ किया है कि छात्र के लिए वही रिजल्ट फाइनल माना जाएगा, जिसमें उसके ज्यादा अंक होंगे। यानी मुख्य परीक्षा और द्वितीय परीक्षा—दोनों में से बेहतर प्रदर्शन ही अंतिम रिजल्ट बनेगा।
आवेदन कैसे करें?
छात्रों को मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद 7 दिनों के भीतर आवेदन करना होगा। यह प्रक्रिया MP Online के जरिए पूरी होगी, जहां छात्र निर्धारित शुल्क जमा कर फॉर्म भर सकेंगे।
छात्रों के लिए क्यों है बड़ा मौका?
पहले जहां पूरक परीक्षा में सीमित विषयों और छात्रों को ही मौका मिलता था, अब हर छात्र के पास अपनी परफॉर्मेंस सुधारने का अवसर होगा। यह बदलाव न सिर्फ फेल छात्रों के लिए राहत है, बल्कि उन छात्रों के लिए भी बड़ा मौका है जो अपने भविष्य के लिए बेहतर अंक चाहते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

