बुधवार, 18 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

MP में 10 जनवरी से जनगणना का दूसरा चरण, जाति से लेकर रोजगार तक पूछे जाएंगे 40 सवाल; जानिए क्या रखें तैयार

17 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
MP में 10 जनवरी से जनगणना का दूसरा चरण, जाति से लेकर रोजगार तक पूछे जाएंगे 40 सवाल; जानिए क्या रखें तैयार
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 10 जनवरी 2027 से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया में परिवार के प्रत्येक सदस्य की व्यक्तिगत, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। इस बार नागरिकों को पहली बार खुद ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने का विकल्प भी मिलेगा। जनगणना के दौरान जाति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, वैवाहिक स्थिति और बच्चों के जन्म से जुड़े आंकड़े भी दर्ज किए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया के लिए प्रदेश में एक लाख 80 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।


घर आने से पहले तैयार रखें ये जानकारियां

जनगणना निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि दूसरे चरण में प्रत्येक परिवार और उसके सदस्यों से संबंधित कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। यदि परिवार के लोग पहले से जरूरी जानकारियां जुटाकर रखेंगे तो प्रगणक के आने पर कुछ ही मिनटों में प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। इसमें व्यक्तिगत पहचान से लेकर परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति तक का विवरण शामिल रहेगा। नागरिकों को बैंक खातों की जानकारी भी देनी होगी, लेकिन बैंक खाते का नंबर बताने की आवश्यकता नहीं होगी।


जाति, धर्म और परिवार की सामाजिक स्थिति का भी बनेगा रिकॉर्ड

इस बार जनसंख्या गणना में जाति से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। नागरिकों से पूछा जाएगा कि वे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य जाति से संबंधित हैं। इसके साथ धर्म, राष्ट्रीयता और मातृभाषा का विवरण भी लिया जाएगा।


प्रगणक परिवार के प्रत्येक सदस्य से निम्न जानकारियां जुटाएंगे:

- पूरा नाम और परिवार के मुखिया से संबंध।

- लिंग, जन्मतिथि, जन्मस्थान और वर्तमान आयु।

- स्थायी पता और वर्तमान निवास का विवरण।

- वैवाहिक स्थिति और विवाह के समय आयु।

- पति या पत्नी का नाम।

- माता-पिता का नाम और उनसे संबंधित विवरण।

- राष्ट्रीयता, धर्म और जाति।

- मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाएं।


पढ़ाई, डिजिटल साक्षरता और नौकरी से जुड़े सवाल भी होंगे

जनगणना के दौरान केवल जनसंख्या की संख्या दर्ज नहीं होगी, बल्कि लोगों की शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा, कामकाज और रोजगार के विभिन्न पहलुओं से जुड़े सवाल शामिल किए गए हैं। इनमें साक्षरता का स्तर, डिजिटल साक्षरता, शैक्षणिक स्थिति और पढ़ाई के विषय या संकाय की जानकारी ली जाएगी। रोजगार करने वाले लोगों से उनके काम की प्रकृति और आर्थिक गतिविधियों का विवरण भी मांगा जाएगा।


प्रगणक इन बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे:

- पिछले एक साल में किया गया काम।

- आर्थिक गतिविधि की श्रेणी और व्यवसाय।

- उद्योग, व्यापार या सेवा क्षेत्र की प्रकृति।

- कामगार का वर्ग।

- गैर-कामगारों और सीमांत कामगारों की गैर-आर्थिक गतिविधियां।

- काम की तलाश कर रहे लोगों की स्थिति।

- कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला साधन।


बैंक खाते से लेकर पहचान पत्र तक की जानकारी रखनी होगी तैयार

जनगणना निदेशक के अनुसार, प्रगणक घर पहुंचने पर कुछ व्यक्तिगत और पहचान संबंधी जानकारियां भी मांगेंगे। नागरिकों को अपने बैंक खातों की संख्या की जानकारी रखनी होगी, लेकिन खाते का नंबर साझा नहीं करना है।


इसके अतिरिक्त निम्न जानकारियां भी तैयार रखनी होंगी:

- मोबाइल नंबर।

- आधार संख्या।

- मतदाता पहचान पत्र संख्या।

- भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए पासपोर्ट नंबर।

- ड्राइविंग लाइसेंस की जानकारी।

- दिव्यांगता होने पर उसका प्रकार।


यदि परिवार का कोई बच्चा पढ़ाई के लिए दूसरे शहर में रह रहा है या कोई सदस्य नौकरी के सिलसिले में बाहर गया है तो उसके अस्थायी पते की जानकारी भी देनी होगी।


पहली बार मिलेगी स्वगणना की सुविधा, 14 दिन तक खुला रहेगा विकल्प

जनगणना की इस प्रक्रिया में पहली बार स्वगणना यानी Self Enumeration की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत नागरिक 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 के बीच घर बैठे अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए स्वगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से जानकारी भरनी होगी। ऑनलाइन विवरण जमा करने के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी। प्रगणक संबंधित घर पहुंचकर दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन करेंगे।


25 जनवरी से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, 28 फरवरी तक चलेगी गणना

स्वगणना की अवधि समाप्त होने के अगले दिन यानी 25 जनवरी 2027 से प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना शुरू करेंगे। यह प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। मध्य प्रदेश में इस काम के लिए एक लाख 80 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी लगाए जाएंगे। जनगणना के पहले चरण में मकानों के सूचीकरण का काम किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में मकानों में रहने वाले लोगों और परिवारों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे।


बच्चों के जन्म का भी रखा जाएगा पूरा हिसाब

इस बार जनगणना में बच्चों से संबंधित आंकड़ों पर भी विशेष जानकारी जुटाई जाएगी। परिवार से वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या पूछने के साथ यह भी दर्ज किया जाएगा कि अब तक कितने बच्चों का जीवित जन्म हुआ है। पिछले एक वर्ष के दौरान जीवित जन्मे बच्चों की संख्या भी दर्ज होगी। इस जानकारी का उपयोग शिशु मृत्यु दर से जुड़े आंकड़ों के आकलन के उद्देश्य से किया जाएगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें