
भोपाल। मध्यप्रदेश में बाल विवाह को लेकर सामने आई नई रिपोर्ट ने चौंकाने वाले संकेत दिए हैं। NFHS-6 के मुताबिक अब प्रदेश में कम उम्र में शादी करने वाले लड़कों की संख्या लड़कियों से भी ज्यादा हो गई है। रिपोर्ट बताती है कि कानूनी उम्र पूरी होने से पहले होने वाले विवाह अब भी बड़ी सामाजिक चुनौती बने हुए हैं।
हर 4 में 1 लड़के की 21 साल से पहले हो रही शादी
रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में हर 100 में से 25 लड़कों की शादी 21 वर्ष की कानूनी उम्र पूरी होने से पहले हो जाती है। यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत 15.9% से काफी अधिक है। विशेषज्ञों का मानना है कि कम उम्र में शादी युवाओं की शिक्षा और रोजगार दोनों पर असर डालती है।
लड़कियों में सुधार, लेकिन चिंता अब भी बरकरार
रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यप्रदेश में 20% लड़कियों की शादी 18 वर्ष से पहले हो रही है। हालांकि चार साल पहले यह आंकड़ा 23.1% था, जो अब घटा है। यह राष्ट्रीय औसत 20.1% से थोड़ा बेहतर जरूर है, लेकिन हर पांच में एक लड़की का बाल विवाह होना अभी भी गंभीर चिंता का विषय है।
शिक्षा और बाल विवाह का सीधा संबंध
रिपोर्ट में शिक्षा और बाल विवाह के बीच मजबूत संबंध सामने आया है। प्रदेश में केवल 33.7% महिलाएं ही 10वीं कक्षा तक पढ़ाई पूरी कर पाती हैं। ग्रामीण इलाकों में यह स्थिति और कमजोर है, जहां केवल 26% लड़कियां ही 10वीं तक पहुंच पाती हैं, जबकि 23.4% लड़कियों की शादी कम उम्र में हो जाती है।
लड़कों की पढ़ाई भी शादी के कारण प्रभावित
प्रदेश में केवल 42% लड़के ही 10 साल या उससे अधिक की पढ़ाई पूरी कर पाते हैं। कई परिवारों में पढ़ाई छूटते ही शादी का दबाव बढ़ जाता है, जिससे युवाओं के करियर और भविष्य पर सीधा असर पड़ता है।
गांव और शहर के आंकड़ों में बड़ा अंतर
NFHS-6 के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। गांवों में 28% पुरुषों और 23.4% महिलाओं की शादी कानूनी उम्र से पहले हो जाती है। वहीं शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा पुरुषों के लिए 16.2% और महिलाओं के लिए केवल 9% दर्ज किया गया है।
विशेषज्ञों ने क्या दी सलाह?
विशेषज्ञों का कहना है कि बाल विवाह रोकने का सबसे प्रभावी तरीका शिक्षा, जागरूकता और कानून का सख्ती से पालन है। बाल विवाह कानूनन अपराध है। यदि कहीं बाल विवाह की जानकारी मिले तो इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या महिला हेल्पलाइन 181 पर दी जा सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

