
भोपाल। संविधान दिवस के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस के खिलाफ तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान की मूल भावना के साथ करीब 100 बार छेड़छाड़ की और 90 से ज्यादा चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया।भोपाल में आयोजित संविधान उत्सव-2026 के दौरान मुख्यमंत्री ने आपातकाल, शाहबानो प्रकरण, प्रेस अधिनियम और धारा 370 जैसे मुद्दों का जिक्र कर कांग्रेस के पुराने शासनकाल पर सवाल उठाए। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह ने भी अपने विचार रखे।
संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस पर CM का तंज
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेताओं के संविधान लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शासन में संविधान के मूल भाव को बार-बार बदला गया, आज उसी के नेता संविधान की किताब लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। अपने तंज में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की यह स्थिति 'चलनी कहे सूप से कि देख तेरे में छेद है' जैसी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाए जाने का उल्लेख किया। साथ ही याद दिलाया कि संविधान 1949 में अंगीकार हुआ और 1950 में लागू किया गया।
100 बार संशोधन और 90 से ज्यादा सरकारें बर्खास्त करने का आरोप
मुख्यमंत्री ने संविधान के शुरुआती वर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि लागू होने के महज एक साल बाद ही इसमें पहला संशोधन कर दिया गया था। उन्होंने 1954 में संसद में चर्चा के बिना संशोधन किए जाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आपातकाल, शाहबानो प्रकरण और 1988 के प्रेस अधिनियम का उल्लेख किया। सीएम के मुताबिक, इन घटनाओं से संविधान की मूल भावना को लेकर कांग्रेस का रवैया स्पष्ट होता है।
त्रिपुरी अधिवेशन में सुभाष चंद्र बोस के साथ क्या हुआ था?
मुख्यमंत्री ने जबलपुर में हुए कांग्रेस के त्रिपुरी अधिवेशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद तत्कालीन पार्टी नेतृत्व ने उन पर इस्तीफा देने और पार्टी छोड़ने का दबाव बनाया था। सीएम ने मौजूदा कांग्रेस प्रदर्शनों पर तंज कसते हुए कहा कि संभव है पार्टी आज उन्हीं घटनाओं का पश्चाताप कर रही हो।
धारा 370 से राम मंदिर तक, CM ने गिनाए फैसले
डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए फैसलों का उल्लेख करते हुए धारा 370 हटाने और सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों को लागू करने की बात कही। उन्होंने अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर को इसका उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम के चित्र सहित कई ऐतिहासिक तथ्य मौजूद हैं, जिन पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए।
MP की विभूतियों के योगदान पर विशेष पुस्तिका प्रकाशित
संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका को सामने लाने के लिए विधानसभा में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में प्रदेश की विभूतियों के योगदान को प्रदर्शित किया गया है। संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से तैयार विशेष पुस्तिका में इन प्रमुख हस्तियों के विचार और योगदान संकलित किए गए हैं:
डॉ. हरिसिंह गौर
भगवंतराव मंडलोई
पंडित रविशंकर शुक्ल
सेठ गोविंद दास
राजकुमारी अमृत कौर
कैलाश विजयवर्गीय बोले- असहमति जरूरी, लेकिन अराजकता नहीं
संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के सड़क पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की पूरी जगह है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता को संविधान का संरक्षण नहीं मिल सकता। विजयवर्गीय ने कहा कि जो लोग चौराहों पर संवाद की चुनौती देते हैं, उन्हें संसद और विधानसभा में भी अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटना चाहिए। उनके मुताबिक, लोकतांत्रिक व्यवस्था में सदन ही चर्चा और संवाद के महत्वपूर्ण मंच हैं।
आपातकाल को बताया संविधान की आत्मा पर प्रहार
विजयवर्गीय ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में संविधान की आत्मा को नुकसान पहुंचाया गया था। उन्होंने कहा कि उस समय सरकार की वापसी को लेकर सर्वेक्षणों में दावे किए जा रहे थे, लेकिन जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन कर दिया।
नरेंद्र सिंह तोमर बोले- संघर्ष और बलिदान से मिला संविधान
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने संविधान को देश के स्वतंत्रता संग्राम और पूर्वजों के त्याग से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि भारतीयों को संविधान आसानी से नहीं मिला, इसके पीछे स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिकारों के साथ अपने मूल कर्तव्यों को भी समझने की अपील की। तोमर ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी से योगदान देने का आह्वान किया।
लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह ने क्या कहा?
समारोह के विशिष्ट अतिथि लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह ने संविधान को आम नागरिकों के जीवन से जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि संविधान की सफलता केवल उसके विस्तृत होने या कानून की किताबों में दर्ज रहने से तय नहीं होती। उसके मूल्य आम लोगों तक पहुंचने और उनके व्यवहार में उतरने चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने महाभारत की पंक्ति 'विधि रक्षति रक्षितः' का उल्लेख किया और संवैधानिक व्यवस्था तथा कानून के सम्मान को जरूरी बताया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

