
भोपाल। मध्य प्रदेश में धनतेरस के साथ बाजारों में करोड़ों रुपये की खरीदारी का दौर शुरू होने जा रहा है। भोपाल में इस बार कारोबार का आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपये पार करने का अनुमान है, जबकि वाहन बाजार में अकेले 9,500 से अधिक कार और टू-व्हीलर बिकने की उम्मीद जताई जा रही है।
इंदौर में 1,200 करोड़ और ग्वालियर में 900 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। भोपाल के ऑटोमोबाइल बाजार में सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग ने कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
भोपाल में 2,500 कारें और 7 हजार से ज्यादा टू-व्हीलर बिकने का अनुमान
राजधानी के ऑटोमोबाइल बाजार में इस बार बड़ी बिक्री की तैयारी है। शहर के 20 से अधिक बड़े कार शोरूम में ग्राहकों ने करीब एक महीने पहले से गाड़ियों की बुकिंग करानी शुरू कर दी थी। अनुमान के मुताबिक धनतेरस पर भोपाल में लगभग 2,500 कारें और 7,000 से ज्यादा दोपहिया वाहन ग्राहकों को मिलेंगे। कई कंपनियों के लोकप्रिय मॉडल की मांग उपलब्ध सप्लाई से अधिक है।
जेके रोड स्थित एसएनआर किया के सीईओ सौरभ सोनी के मुताबिक इस बार ग्राहकों की पसंद में सीएनजी और इलेक्ट्रिक कारें प्रमुखता से शामिल हैं। उनके शोरूम में ही धनतेरस के लिए 200 से अधिक कारों की बुकिंग हो चुकी है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ी, टू-व्हीलर बिक्री में 5% ग्रोथ की उम्मीद
भोपाल ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पांडे ने दोपहिया वाहन बाजार में करीब 5 प्रतिशत तक की वृद्धि का अनुमान जताया है। कारों के साथ इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की खरीदारी में भी ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है। बाजार में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की शुरुआती कीमत करीब 1.25 लाख रुपये है, जबकि महंगे मॉडल की कीमत 1.75 लाख रुपये तक पहुंचती है। वाहनों की मांग और उपलब्धता के बीच अंतर के कारण कारोबारियों को दीपावली के बाद भी बिक्री जारी रहने की उम्मीद है। यह रौनक देवउठनी एकादशी तक बने रहने का अनुमान है।
भोपाल में पिछले साल 800 करोड़ का कारोबार, इस बार नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद
पिछले दीपोत्सव के दौरान भोपाल में लगभग 800 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया था। इसमें अलग-अलग बाजारों का योगदान रहा था।
पिछले साल के कारोबार का प्रमुख हिस्सा इस प्रकार था:
वाहन बाजार: 125 करोड़ रुपये
प्रॉपर्टी: 200 करोड़ रुपये
ज्वेलरी: 200 करोड़ रुपये
इस साल बाजार के जानकारों को खरीदारी का आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। अकेले वाहनों की बिक्री से 225 से 250 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया है।
हैचबैक से लेकर एक्सयूवी तक, इन बजट की कारों की ज्यादा मांग
कार बाजार में इस बार अलग-अलग बजट की गाड़ियों की मांग बनी हुई है। हैचबैक सेगमेंट में 6 से 8 लाख रुपये, सेडान में 10 से 25 लाख रुपये और एक्सयूवी सेगमेंट में 25 से 50 लाख रुपये तक की कारें ग्राहकों की पसंद में शामिल हैं। शोरूम में हर बजट के हिसाब से विकल्प उपलब्ध हैं। इसके अलावा सीएनजी और इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग से भी ऑटोमोबाइल कारोबार को रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
ज्वेलरी और शादी की खरीदारी से भी बढ़ेगी बाजार की रौनक
धनतेरस और दीपावली के मौके पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के साथ लोग शादी-ब्याह की तैयारियों के लिए भी बाजार पहुंच रहे हैं। सराफा कारोबारी नवनीत अग्रवाल के मुताबिक त्योहारों की खरीदारी के साथ विवाह समारोहों के लिए होने वाली खरीदारी भी बाजार को मजबूती दे रही है। प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन सहित प्रमुख शहरों में धनतेरस से पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

