मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्य प्रदेश में कहां जलेगा सबसे ऊंचा रावण? भोपाल से उज्जैन तक दशहरे पर होंगे ये खास आयोजन

20 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्य प्रदेश में कहां जलेगा सबसे ऊंचा रावण? भोपाल से उज्जैन तक दशहरे पर होंगे ये खास आयोजन
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में दशहरे पर मंगलवार को बड़े स्तर पर रावण दहन और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन होंगे। सबसे ऊंचा 121 फीट का रावण इंदौर में तैयार किया गया है, जबकि भोपाल में 105 फीट और उज्जैन में 101 फीट के पुतले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।


बारिश के अलर्ट ने आयोजन समितियों की चिंता बढ़ाई है। कई शहरों में रावण के पुतलों को बारिश से सुरक्षित रखने के इंतजाम किए गए हैं। भोपाल में अकेले 18 मैदानों पर रावण दहन की तैयारी है।


भोपाल में 105 फीट का रावण, 18 मैदानों पर आयोजन

राजधानी में सबसे बड़ा रावण कोलार हिंदू उत्सव समिति के कार्यक्रम में जलेगा। यहां 105 फीट ऊंचा पुतला जयपुर के कलाकारों ने तैयार किया है। रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को तैयार करने पर करीब ₹20 लाख खर्च हुए हैं।


जंबूरी मैदान में 101 फीट और कलियासोत ग्राउंड में 90 फीट का रावण होगा। टीटी नगर दशहरा मैदान में 55 फीट और बिट्टन मार्केट में 53 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा।


भोपाल में बैरागढ़, गांधी नगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी, अयोध्या नगर, भेल और एमवीएम कॉलेज में आयोजन होंगे।


इसके अलावा बिट्टन मार्केट, लहारपुरा, 5 नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड पर भी रावण दहन किया जाएगा।


कोलार और छोला पहुंचेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कोलार और छोला में आयोजित रावण दहन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दशहरे पर प्रदेश के शस्त्रागारों में शस्त्र पूजा भी होगी। मुख्यमंत्री के साथ राज्य सरकार के मंत्री भी शस्त्र पूजन करेंगे।


छोला दशहरा मैदान के कार्यक्रम से पहले मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से पारंपरिक चल समारोह निकाला जाएगा। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के अनुसार, यह विभिन्न रास्तों से घोड़ा नक्कास होते हुए छोला दशहरा मैदान पहुंचेगा।


चल समारोह में करीब 10 झांकियां, बैंड, शहनाई, पुलिस बैंड, दुल-दुल घोड़ी और आदिवासी टोली शामिल रहेंगी। छोला मैदान में रावण दहन रात करीब 9 बजे प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है।


रावण दहन का वीडियो वायरल हुआ तो ₹11 हजार का इनाम

भोपाल के राजेंद्र नगर में श्रीराम जानकी हिंदू उत्सव समिति 70 फीट ऊंचे रावण का दहन करेगी। यहां रामलीला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेले का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजक विक्की ठाकुर के मुताबिक, वीडियो एडिटर और इन्फ्लुएंसर के लिए भी पुरस्कार रखा गया है। रावण दहन के वीडियो पर सबसे अधिक व्यूज और लाइक्स हासिल करने वाले इन्फ्लुएंसर को ₹11 हजार दिए जाएंगे।


शस्त्र पूजन के साथ शौर्य प्रदर्शन

पुलिस लाइन के अलावा मंदिरों, अखाड़ों और सामाजिक संगठनों में दशहरे पर शस्त्र पूजन होगा। करणी सेना सेमरा के एकतापुरी दशहरा मैदान में शस्त्र पूजन के साथ शौर्य प्रदर्शन करेगी।


प्रगतिशील क्षेत्रीय राजपूत संस्था होशंगाबाद रोड स्थित भवन में कार्यक्रम करेगी। चार इमली के महाराणा प्रताप भवन में महा राजपूत समाज पारंपरिक शस्त्र पूजन करेगा। आयोजनों की शुरुआत मां दुर्गा और भगवान श्रीराम की आराधना से होगी।


इंदौर में 121 फीट का रावण, डेढ़ घंटे चलेगी आतिशबाजी

इंदौर के उषागंज छावनी में प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में से एक होगा। यहां 121 फीट ऊंचा रावण और 250 फीट लंबी लंका तैयार की गई है। शोभायात्रा के मैदान पहुंचने के बाद रावण दहन होगा। आयोजन के दौरान करीब डेढ़ घंटे आतिशबाजी की जाएगी।


उज्जैन में महाकाल की सवारी पर बरसेंगे 500 किलो फूल

उज्जैन में दशहरा धार्मिक परंपरा और रावण दहन दोनों के लिहाज से खास रहेगा। बाबा महाकाल की सवारी चांदी की पालकी में दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां शमी वृक्ष का पूजन किया जाएगा।


सवारी मार्ग पर करीब 1 लाख वर्गफीट क्षेत्र में रंगोली बनाई जाएगी। पालकी पर ड्रोन की मदद से 500 किलो फूल बरसाए जाएंगे।


दशहरा मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। देवास और ग्वालियर से बुलाए गए कलाकार करीब 45 मिनट तक आतिशबाजी करेंगे। कार्तिक मैदान, उन्हेल चौराहा और हीरा मिल मैदान में भी रावण दहन होगा।


ग्वालियर-जबलपुर में भी बड़े पुतले तैयार

ग्वालियर के फूलबाग मैदान में 65 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। राम जुलूस निकलेगा और रामलीला का समापन होगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम में शामिल होंगे और करीब 30 मिनट आतिशबाजी होगी।


जबलपुर के ग्वारीघाट में 75 फीट का रावण तैयार किया गया है। यहां आतिशबाजी के लिए शिवकाशी से कलाकार बुलाए गए हैं।


मंदसौर में घूमेगी रावण की गर्दन

मंदसौर के दशहरा मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण को तकनीक के जरिए खास रूप दिया गया है। पुतले की आंखें झपकेंगी, गर्दन घूमेगी और तलवार पकड़ा हाथ भी चलेगा।


कोटा-बूंदी के आतिशबाज सतरंगी आतिशबाजी करेंगे। कार्यक्रम में हनुमान चालीसा का पाठ होगा और नशामुक्त मध्य प्रदेश का संदेश भी दिया जाएगा।


रायसेन में शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि

रायसेन में 35 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहेंगे। बावड़ीपुरा हनुमान मंदिर से दशहरा मैदान तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।


छिंदवाड़ा और सागर में 51-51 फीट के पुतले जलेंगे। छिंदवाड़ा में रामलीला भी होगी, जबकि सागर का आयोजन पीटीसी ग्राउंड में होगा।


गुना में 67 साल पुरानी परंपरा

गुना के दशहरा मैदान में 31 फीट का रावण जलाया जाएगा। यहां रावण दहन का आयोजन पिछले 67 साल से किया जा रहा है। रामलीला स्थल से दशहरा मैदान तक चल समारोह निकलेगा।


देवास के पुलिस ग्राउंड में 51 फीट और कृषि विज्ञान केंद्र में 55 फीट के रावण का दहन होगा। पुलिस ग्राउंड के रावण को कुर्ता-पायजामा पहनाया गया है।


सेंधवा में पहली बार तीन पुतलों का दहन

सेंधवा में इस बार पहली बार रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी जलाए जाएंगे। यहां रावण की ऊंचाई 71 फीट रखी गई है और अहमदाबाद से आए कलाकार आतिशबाजी करेंगे।


शाजापुर के स्टेडियम ग्राउंड में भी 71 फीट ऊंचा रावण और 25-25 फीट के कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले तैयार हैं। शाम को श्रीकृष्ण व्यायाम शाला से चल समारोह निकलकर स्टेडियम पहुंचेगा, जिसके बाद आतिशबाजी होगी।


आगर-मालवा से आलीराजपुर तक दशहरे की तैयारी

आगर-मालवा में 51 फीट का रावण तथा 25-25 फीट के मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे। बैतूल के मुलताई में 51 फीट के रावण दहन के साथ राम-रावण युद्ध का मंचन होगा।


दमोह के तहसील ग्राउंड में जालौन, उत्तर प्रदेश से आए कलाकारों ने 51 फीट ऊंचा पुतला बनाया है। यहां श्रीराम जी सेवा समिति पिछले 49 साल से कार्यक्रम आयोजित कर रही है।


श्योपुर के मेला ग्राउंड में 52 फीट और आलीराजपुर में 41 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। आजाद नगर में भी दशहरा पर्व मनाया जाएगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें