
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत का औपचारिक रास्ता तैयार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के साथ संवाद के लिए मंत्रियों की एक समिति गठित करने की घोषणा की है, जो किसान संगठनों के साथ मिलकर समाधान तलाशेगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसानों के हितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी पक्षों को जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
समिति में इन मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी
किसानों से चर्चा और समस्याओं के समाधान के लिए बनाई गई समिति में शामिल हैं—
कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना
मंत्री विश्वास सारंग
मंत्री कृष्णा गौर
राकेश सिंह
मुख्यमंत्री के अनुसार सभी किसान संगठनों के साथ मिलकर बातचीत की जाएगी और आपसी सहमति से समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास होगा।
कृषि मंत्री ने किसान प्रतिनिधियों से की चर्चा
कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की मांगों को गंभीरता से देख रही है और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि किसानों से जुड़े सभी विषयों पर आवश्यक और सकारात्मक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।
मूंग खरीदी समेत अन्य मुद्दों पर अधिकारियों को निर्देश
कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि, मूंग खरीदी सहित सभी प्रमुख मुद्दों पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने पर सरकार का विशेष ध्यान रहेगा। खरीदी व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर निर्णय लिए जाएंगे। सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं तथा संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाएगा।
केंद्र सरकार से खरीदी लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध
कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने जानकारी दी कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजकर ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। राज्य सरकार ने संशोधित प्रस्ताव के तहत केंद्र से प्रदेश के कुल उत्पादन के 40 प्रतिशत, यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी का लक्ष्य स्वीकृत करने की मांग की है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

