
भोपाल। मध्यप्रदेश में बढ़ती गर्मी के साथ आगजनी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। राजधानी भोपाल, जबलपुर और इंदौर में मंगलवार देर रात और बुधवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कई जगह घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। कई इलाकों में आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।
भोपाल में सराए में लगी आग, ठेलों के टायर फटते रहे
राजधानी भोपाल के लक्ष्मी टॉकीज स्थित सराए इलाके में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़े फल-फ्रूट के कई ठेले जलकर खाक हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने जान जोखिम में डालकर जलते हुए ठेलों को बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान कुछ लोगों के हाथ भी झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद ठेलों के टायर लगातार फटते रहे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
दमकल पहुंचने में हुई देरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के काफी देर बाद नगर निगम की दो एयर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। तब तक आग काफी फैल चुकी थी। सराए में कई वाहन भी खड़े थे, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
जबलपुर के बायो फ्यूल प्लांट में भड़की भीषण आग
जबलपुर जिले के गोसलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खिन्नी स्थित इको हार्वेस्ट बायो फ्यूल और लकड़ी प्लांट में भीषण आग लग गई। आग प्लांट में रखे गेहूं के भूसे और नरवाई तक पहुंच गई, जिससे लपटें तेजी से फैलने लगीं। मशीनें और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए।
30 से 40 दमकलों ने संभाला मोर्चा
आग की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम, सिहोरा और पनागर से दमकल वाहनों को बुलाया गया। करीब 30 से 40 फायर ब्रिगेड की मदद से घंटों बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों के अनुसार प्लांट में बड़ी मात्रा में भूसा भरा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
इंदौर में प्लास्टिक दाने की फैक्ट्री धधकी
इंदौर के धार रोड स्थित मेट्रो कॉलोनी के पास प्लास्टिक दाने बनाने वाली फैक्ट्री में भी भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई मीटर दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
गर्मी बढ़ने के साथ बढ़ रहे हादसे
प्रदेश में तापमान बढ़ने के साथ आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मी, ज्वलनशील सामग्री और सुरक्षा मानकों में लापरवाही ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रही है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशासन की तैयारी और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

