
भोपाल। दिवाली की रात मध्य प्रदेश के कई जिलों में आग लगने की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। भोपाल में तीन अलग-अलग जगह आग लगी, जबकि सीधी, बड़वानी और खंडवा में दुकानें व अन्य स्थान आग की चपेट में आ गए। भोपाल के घोड़ा नक्कास में आग के दौरान तीसरी मंजिल पर फंसे एक परिवार के तीन सदस्यों को स्थानीय युवकों ने करीब 40 फीट की ऊंचाई से रस्सी के सहारे नीचे उतारकर बचाया। रतलाम में शहर से गांव तक 10 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं।
भोपाल: घोड़ा नक्कास में दुकान में भीषण आग, तीसरी मंजिल पर फंसा परिवार
भोपाल के घोड़ा नक्कास इलाके में कुंदन नमकीन के सामने स्थित एक बिल्डिंग की दुकान में दिवाली की रात आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास धुआं फैल गया। बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंस गए। स्थानीय युवकों ने रस्सी की मदद से तीनों को करीब 40 फीट नीचे सुरक्षित उतारा।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दुकान और आसपास के हिस्सों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पूजा के बाद बंद कर घर गए थे दुकान संचालक
जानकारी के मुताबिक, 12 नंबर निवासी सुपारी सेंटर संचालक प्रेम मंगानी शाम करीब 7 बजे दुकान में पूजा-अर्चना करने के बाद उसे बंद कर घर चले गए थे। उनके जाने के बाद दुकान में आग लगने की घटना हुई। दुकान में रखे सामान और आसपास के हिस्सों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग किस वजह से लगी और कुल कितनी संपत्ति प्रभावित हुई, इसकी जानकारी जांच और आकलन पूरा होने के बाद सामने आएगी।
गांधीनगर: दीये से पर्दों में लगी आग, 25 लाख का सामान राख
भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रीन वे कॉलोनी में दिवाली की रात एक फ्लैट आग की चपेट में आ गया। घर में लक्ष्मी पूजन के बाद जलाए गए दीये से पर्दों में आग लगी, जिसने बाद में घर के दूसरे हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। फायर फाइटर पंकज यादव के मुताबिक, इस हादसे में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी आग में जल गए। आग से प्रभावित सामान में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े, किचन का सामान, सोने-चांदी की ज्वेलरी और नकदी शामिल हैं। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। लक्ष्मी पूजन के बाद सभी रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
लाल मस्जिद के पास कचरे में लगी आग, रात 11 बजे मिली सूचना
भोपाल में तीसरी घटना लाल मस्जिद के नजदीक रफीकिया स्कूल के पास हुई। यहां एक गली में जमा कचरे के ढेर में रात करीब 11 बजे आग लग गई। कचरे में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल भी पड़ा हुआ था। आग की सूचना के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया।
सीधी: जलता पटाखा दुकान में गिरा, ऑटो पार्ट्स की दुकान का आधा हिस्सा जला
सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम हत्था के बाजार में दिवाली की रात करीब 10 बजे आग लगने से एक ऑटो पार्ट्स की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान संचालक नरेंद्र सोनी हादसे के समय दुकान से कुछ दूरी पर बैठे थे। इसी दौरान जलता हुआ पटाखा दुकान के अंदर जा गिरा। दुकान में मोबिल ऑयल सहित कई ज्वलनशील वस्तुएं रखी थीं। पटाखे की चिंगारी इनके संपर्क में आते ही आग तेजी से फैल गई। लपटों ने दुकान के करीब आधे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और उसे ज्यादा फैलने से रोक दिया।
बड़वानी: पटाखा दुकान में आग के बाद लगातार धमाके, बाजार में भगदड़
बड़वानी जिले के निवाली में दिवाली के दिन पटाखा बाजार की एक दुकान में आग लग गई। यह घटना बस स्टैंड के पास बॉयज स्कूल ग्राउंड में हुई। दुकान में आग पहुंचते ही पटाखे फूटने लगे। लगातार धमाकों से बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। हादसे में संबंधित दुकान का पूरा सामान जल गया, लेकिन आसपास की पांच अन्य दुकानें सुरक्षित बचा ली गईं। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
खंडवा: मोबाइल गोदाम और महालक्ष्मी पूजा की यज्ञशाला खाक
खंडवा जिले के मूंदी में दिवाली की रात आग लगने की दो घटनाएं हुईं। पहली घटना माता चौक पर श्याम मोबाइल दुकान की दूसरी मंजिल पर बने गोदाम में हुई। गोदाम में मोबाइल फोन, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा था। आग ने वहां रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। दुकान संचालक श्याम गुर्जर के अनुसार, नुकसान की वास्तविक स्थिति का आकलन सोमवार सुबह किया जाना था। आग बुझाने के लिए नगरवासी और फायर ब्रिगेड की टीम रातभर जुटी रही। मूंदी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। आग की लपटें काफी ऊंची थीं और धुआं पूरे नगर में फैल गया। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी को संभावित वजह माना गया।
नवलखा चौक में मंदिर के पास बनी यज्ञशाला जली
मूंदी में ही दूसरी घटना नवलखा चौक स्थित माता मंदिर के पास हुई। यहां महालक्ष्मी पूजन के लिए घास-फूस से यज्ञशाला तैयार की गई थी। आतिशबाजी के दौरान यज्ञशाला में आग लगने की बात सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी संरचना जलकर राख हो गई।
रतलाम: शहर और गांवों में 10 जगह आग, कच्चे मकान में भी भड़की लपटें
रतलाम जिले में रविवार रात शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक आग लगने की 10 घटनाएं सामने आईं। इनमें रानीसिंग गांव में कच्चे मकान में लगी आग भी शामिल है। गांव में शिवा पिता शंभु गरवाल के मकान में शाम करीब 6 बजे आग लगी। घटना के वक्त परिवार के कुछ सदस्य खेत पर थे, जबकि बाकी लोग रावटी में बाजार गए हुए थे। आग बुझाने में काफी समय लगा और देर रात तक इस पर नियंत्रण पाया जा सका। सोमवार सुबह तक मकान से धुआं निकलता रहा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

