सोमवार, 27 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

MP: 68 कॉलेजों में एआई व फिनटेक विथ एआई सर्टिफिकेट कोर्स की होगी निशुल्क पढ़ाई

27 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
MP: 68 कॉलेजों में एआई व फिनटेक विथ एआई सर्टिफिकेट कोर्स की होगी निशुल्क पढ़ाई
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 68 कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और फिनटेक विथ एआई सर्टिफिकेट कोर्स की पढ़ाई कराई जाएगी। पाठ्यक्रम का संचालन आईआईटी दिल्ली के सहयोग से किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह सर्टिफिकेट कोर्स विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह निशुल्क होगा।


शासकीय कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध हो, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार के कुशल नेतृत्व में नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी मे 68 शासकीय कॉलेजों में उच्च शिक्षा विभाग की ओर से एआई व फिनटेक विथ एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। इनमें 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और 13 स्वशासी कॉलेजों शामिल हैं। 


पहले चरण में 2000 विद्यार्थियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 2000 विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फिनटेक विथ आई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में यह लक्ष्य 1000 विद्यार्थियों का था, इसे बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है।


उद्योग की मांग के अनुरूप तैयार किए जाएंगे विद्यार्थी 

एआई और फिनटेक विथ एआई सर्टिफिकेट कोर्स संचालित करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की मांग के अनुरूप तैयार करना है। इस कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, साइबर सुरक्षा, वित्तीय प्रौद्योगिकी व एआई आधारित आधुनिक वित्तीय समाधान का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है। साथ ही बैंकिंग, फिनटेक कंपनियों, आईटी क्षेत्र, स्टार्टअप और डिजिटल वित्तीय सेवाओं में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें